पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री कार्यालय (पी एम ओ) के अधिकारियों के साथ एक प्रारंभिक बैठक की। अधिकारियों ने उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय के ढांचे और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने बैठक में आम लोगों की शिकायतों को त्वरित आधार पर निपटाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जो मुद्दे और विषय उनके कार्यालय के समक्ष विशेष रूप से लाए जाते है उनके निपटारे तथा उन पर प्रभावी निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक युक्त प्रणालियों का इस्तेमाल किया जाए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दशकों में प्रधानमंत्री कार्यालय एक महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में उभरा है और उसकी बेहतर प्रक्रियाओं को भविष्य में भी जारी रखा जाना चाहिए। श्री मोदी ने संकेत दिया कि उनका कार्यालय, राज्य सरकारों द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों को प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के आधार पर देखना पसंद करेगा। उन्होंने कहा कि यह इस लिहाज से भी जरूरी है कि भारत की प्रगति उसके राज्यों की प्रगति पर निर्भर करती हैं और इससे संघीय ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने जन प्रतिनिधियों द्वारा व्यक्तिगत रूप से अथवा संसदीय प्रक्रियाओं के जरिए उठाए जाने वाले विषयों की महत्ता को भी रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने बेहतर प्रशासन के लिए मिलकर काम करने (टीम वर्क) पर जोर देते हुए अधिकारियों से कहा कि अपने विचारों से वे उन्हें बेदिचक अवगत कराते रहें।