पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने असम सरकार के उपक्रम असम औद्योगिक विकास निगम (एआईडीसी) को एएआई की 4,050 वर्ग मीटर भूमि पट्टे पर देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसका इस्तेमाल सेंटर फॉर पेरिशेबल कार्गो (सीपीसी) स्थापित करने और भविष्य में गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआई हवाई अड्डा) पर उसके विस्तार में किया जाएगा।
एएआई उस भूखंड को 1 रुपये प्रति वर्ष के सांकेतिक लाइसेंस शुल्क पर अगले सात साल की अवधि के लिए पट्टे पर देगा जो पट्टा समझौते पर हस्ताक्षर होने पर निर्भर करेगा। सात वर्षों की आरंभिक अवधि समाप्त होने के बाद एएआई की प्रचलित नीति के अनुसार भविष्य के लिए पट्टा अवधि निर्धारित की जाएगी।
पृष्ठभूमिः
भारत का पूर्वोत्तर क्षेत्र (एनईआर) जीवों एवं वनस्पितियों के लिहाज से काफी समृद्ध है। कृषि एवं बागवानी की वस्तुओं के निर्यात से प्राप्त राजस्व से पूर्वोत्तर क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। इस क्षेत्र से पेरिशेबल कार्गो के निर्यात को प्रोत्साहित करने की जरूरत है जिससे प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। गुवाहाटी से पेरिशेबल कार्गो की विमान से ढुलाई की सुविधाएं कहीं अधिक प्रभावी हैं। इसलिए सीपीसी स्थापित करने और भविष्य में गुवाहाटी के एलजीबीआई हवाई अड्डे पर उसके विस्तार के लिए एएआई की 4,050 वर्ग मीटर भूमि एआईडीसी को पट्टे पर देने का निर्णय लिया गया है।