पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री द्वारा ”एकता दौड़” को झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद उत्साही युवकों ने प्रधानमंत्री का अनुसरण किया|
सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर ”एकता दौड़” को झंडी दिखाकर रवाना करने के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने एक भारत – श्रेष्ठ भारत के मंत्र की याद दिलायी और कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने हमें ”एक भारत” (संगठित भारत) प्रदान किया और हम सभी को मिलकर ”श्रेष्ठ भारत” (सबसे आगे भारत) का निर्माण करना चाहिए| वे नई दिल्ली में राजपथ पर एकत्र युवाओं और जीवन के सभी क्षेत्रों से सम्बद्ध लोगों को संबोधित कर रहे थे|
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती एक प्रेरक क्षण है| जो राष्ट्र इतिहास को भूल जाता है वह इतिहास का निर्माण नहीं कर सकता| उन्होंने कहा कि भारत की गौरवशाली विरासत इसके महत्वाकांक्षी युवाओं को हमेशा प्रेरित करती रहेगी| उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि भारत की समृद्ध विरासत को वैचारिक आधार पर विभाजित नहीं किया जा सकता| उन्होंने श्रीमती इंदिरा गांधी का भी स्मरण किया और कहा कि आज उनकी पुण्य तिथि है| स्वतंत्रता आंदोलन में सरदार पटेल के योगदान की चर्चा करते हुए श्री मोदी ने सरदार पटेल और महात्मा गांधी के बीच संबंधों की तुलना स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परहंस के बीच संबंधों के साथ की|
प्रधानमंत्री ने अखंड भारत के चाणक्य के लक्ष्य की भी याद दिलायी और कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता के बल पर उनके सपने को वास्तविकता का रूप दिया|
भारत की विविधता में एकता के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विविधता हमारी शक्ति है| श्री मोदी ने कहा कि भारत के लोगों को विविधता में एकता की इस बेजोड़ ताकत की रक्षा करने के लिए हमेशा सतर्क रहना चाहिए| उन्होंने इस बात पर खेद प्रकट किया कि तीस वर्ष पहले विविधता में एकता के भारत के तान-बाने पर उस समय हमला हुआ जब एक समुदाय विशेष के लोगों को लक्ष्य बनाया गया|
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर एकत्र लोगों को एकता की शपथ दिलायी और बाद में एकता दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया| उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे एकता के लिए दौड़े और एकत्र युवाओं ने बड़े उत्साह के साथ इंतजार किया कि प्रधानमंत्री दौड़ का नेतृत्व करें| अंतत: प्रधानमंत्री ने एकता दौड़ का नेतृत्व किया और युवाओं ने उनका अनुसरण किया|
केन्द्रीय मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज, श्री वेंकैया नायडू और श्री रवि प्रसाद तथा दिल्ली के उपराज्यपाल श्री नजीबजंग भी इस अवसर पर मौजूद थे|
इससे पहले प्रधानमंत्री ने संसद मार्ग पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की|
Sardar Patel joined Mahatma Gandhi and integrated the farmers in the freedom struggle: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) October 31, 2014
Through his skill, vision and Rashtra Bhakti Sardar Patel integrated the nation. We can never forget his contribution: PM @narendramodi — PMO India (@PMOIndia) October 31, 2014
Our culture and legacy is of Unity in Diversity. Let us rise over differences of creed, community, language: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) October 31, 2014