पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वीडन की क्राउन प्रिंसेस रॉयल हाईनेस विक्टोरिया, और स्वीडन के प्रधानमंत्री, महामहिम श्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ 17 मई 2026 को स्वीडन की चुनिंदा कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बातचीत की।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत और स्वीडन लोकतंत्र, पारदर्शिता, नवाचार और स्थिरता के साझा मूल्यों से जुड़े हुए हैं, जो महत्वाकांक्षी और भविष्योन्मुखी आर्थिक साझेदारी के लिए मज़बूत नींव प्रदान करते हैं। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि आज भारत–स्वीडन साझेदारी आर्थिक संबंध मात्र नहीं है, बल्कि विचारों, प्रौद्योगिकी, नवाचार और सह–निर्माण की साझेदारी है। उन्होंने भारत के विकास में स्वीडिश कंपनियों के दीर्घकालिक योगदान का स्वागत किया। उन्होंने अनुसंधान, नवाचार, हरित बदलाव और विनिर्माण के क्षेत्रों में और अधिक प्रगाढ़ सहयोग को प्रोत्साहित किया।
प्रधानमंत्री ने भारत के तेज़ी से हो रहे आर्थिक बदलाव की जानकारी दी, जो सुधारों, मज़बूत घरेलू मांग, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, विनिर्माण के विस्तार और नई पीढ़ी के बुनियादी ढांचे के विकास से प्रेरित है। उन्होंने स्वीडिश कंपनियों को ‘मेक इन इंडिया‘, ‘राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन‘, ‘राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन‘ जैसी योजनाओं के तहत भारत में उपस्थिति बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया; इसके साथ ही उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, रक्षा, सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में बढ़ते अवसरों का लाभ उठाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
चर्चाओं का मुख्य केंद्र लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं, हरित बदलाव, टिकाऊ गतिशीलता, जीवन विज्ञान और डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग को मज़बूत करना भी रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने 21वीं सदी के लिए समाधानों के सह–निर्माण हेतु, स्वीडन की नवाचार और स्थिरता संबंधी ताकतों को भारत की विशाल संभावनाओं, प्रतिभा और विकास की गति के साथ जोड़ने के महत्व पर बल दिया।
***
पीके/केसी/पीके
Prime Minister Ulf Kristersson and I met business leaders of Sweden in Gothenburg last evening. Her Royal Highness Crown Princess Victoria also took part in this interaction. We had wide ranging conversations with the business leaders on how economic linkages between India and… pic.twitter.com/pOzRAD4Yys
— Narendra Modi (@narendramodi) May 18, 2026