Search

न्यूज अपडेट्स

कनाडा के विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की


कनाडा की विदेश मंत्री महामहिम सुश्री अनीता आनंद ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान, प्रधानमंत्री श्री मोदी और विदेश मंत्री सुश्री आनंद ने आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए जारी प्रयासों पर चर्चा की। इन क्षेत्रों में व्यापार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा, दोनों देशों के लोगों के बीच पारस्परिक संबंध और बहुपक्षीय सहयोग शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय बातचीत की गति को बनाए रखने और उसे ठोस नतीजों में बदलने के महत्व पर जोर दिया, जिसमें ‘व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते’ (सीईपीए) पर बातचीत को शीघ्र पूरा करना भी शामिल है।

दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री कार्नी को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे आगे भी उनके साथ बातचीत जारी रखने के लिए उत्सुक हैं।

*****

पीके/केसी/आरटी/आर