Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

मंत्रिमंडल ने विकास संबंधी परियोजनाओं के कार्यान्‍वयन के लिए बांग्‍लादेश को 4.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर के थर्ड लाइन ऑफ क्रेडिट पर एमओयू को मंजूरी दी


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विकास संबंधी परियोजनाओं के कार्यान्‍वयन के लिए बांग्‍लादेश को 4.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर के थर्ड लाइन ऑफ क्रेडिट (एलओसी) पर सहमति ज्ञापन (एमओयू) को पूर्वव्‍यापी मंजूरी दी है।

अप्रैल 2017 में बांग्‍लादेश की प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान इस एमओयू पर हस्‍ताक्षर किए गए।

यह एमओयू सामरिक भागीदारी को मजबूती प्रदान करेगा, बांग्‍लादेश में बुनियादी ढांचे का विकास करेगा और भारत एवं बांग्‍लादेश के बीच कनेक्टिविटी में सुधार लाएगा जिससे हमारे पूर्वोत्तर क्षेत्र तक पहुंच में सुधार होगा और भारतीय कंपनियों के लिए बांग्‍लादेश में व्‍यापार के नए अवसर सृजित होंगे।

बांग्लादेश के लिए रियायती वित्तपोषण प्रणाली से भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे और आपसी सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

इस एमओयू के तहत परियोजनाओं की एक सूची दी गई है जो रियायती वित्तपोषण प्रणाली के दायरे में होगी। इससे यह सुनिश्चित होता है कि इस एलओसी के तहत भारत के हितों से जुड़ी परियोजनाओं को लिया गया है।

इनमें से कुछ परियोजनाएं भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र का मुख्‍य भूमि के साथ-साथ बाहरी दुनिया से बेहतर एवं तेज कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेंगी। इससे भारत की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और भारतीय कंपनियों के लिए कारोबार के नए अवसर खुलेंगे।