Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

मंत्रिमंडल ने असम के कामरूप में नए एम्‍स की स्‍थापना को मंजूरी दी


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने असम के कामरूप (उत्तरी गुवाहाटी राजस्‍व सर्किल) में नए एम्‍स की स्‍थापना को अपनी मंजूरी दी है। इस परियोजना की लागत 1,123 करोड़ रुपये है और इसे प्रधानमंत्री स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत स्‍थापित किया जाएगा।

नए एम्‍स की स्‍थापना शून्‍य तिथि (भारत सरकार से मंजूरी मिलने की तिथि) से 48 महीने के भीतर पूरी हो जाएगी जिसमें 15 महीने का निर्माणपूर्व चरण, 30 महीने का निर्माण चरण और 3 महीने का स्थिरीकरण/चालू होने का चरण शामिल है।

विवरण:
इस संस्‍थान में 750 बिस्‍तरों वाला एक अस्‍पताल, ट्रॉमा सेंटर की सुविधा, प्रति वर्ष 100 एमबीबीएस छात्रों के पढ़ने के लिए मेडिकल कॉलेज, प्रति वर्ष 60 बीएससी (नर्सिंग) के पढ़ने के लिए नर्सिंग कॉलेज, रिहायशी परिसर और नई दिल्‍ली के एम्‍स की तर्ज पर अन्‍य सुविधाएं/सेवाएं शामिल होंगी। इस अस्‍पताल में 16 ऑपरेशन थिएटर सहित 22 स्‍पेशिएलिटी/सुपर-स्‍पेशिएलिटी विभाग होंगे। उसमें पारंपरिक चिकित्‍सा प्रणाली से रोगियों के उपचार के लिए 30 बिस्‍तरों वाला एक आयुष विभाग भी होगा।

प्रभाव:
नए एम्‍स की स्‍थापना से उस क्षेत्र के लोगों को सुपर स्‍पेशिएलिटी स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा मुहैया कराने का दोहरा उद्देश्‍य पूरा होगा। जबकि इससे उस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर डॉक्‍टरों एवं अन्‍य स्‍वास्‍थ्‍य कर्मचारियों को जुटाने में मदद मिलेगी जो राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मिशन (एनएचएम) के तहत प्राथमिक एवं माध्‍यमिक स्‍तर के संस्‍थानों के लिए उपलब्‍ध हो सकते हैं।

पृष्‍ठभूमि:
इस योजना के तहत भुबनेश्‍वर, भोपाल, रायपुर, जोधपुर, ऋषिकेश और पटना में एम्‍स की स्‍थापना की गई है जबकि राय बरेली में एम्‍स का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 2015 में महाराष्‍ट्र के नागपुर, पश्चिम बंगाल के कल्‍याणी, और आंध्र प्रदेश के गुंटूर के मंगलागिरि के लिए तीन एम्‍स की मंजूरी दी गई थी। जबकि 2016 में भटिंडा और गोरखपुर के लिए दो एम्‍स की मंजूरी दी गई।