पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री श्रीमती शेख हसीना को पत्र लिखकर पदभार संभालने पर शेख हसीना द्वारा भेजे गए बधाई संदेश के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज ने ढाका में शेख हसीना को यह पत्र सौंपा। पत्र में श्री मोदी ने कहा कि उनका मानना है कि प्रत्येक देश की भलाई उसके पड़ोसी से जुड़ी है, इसलिए वह भारत के पड़ोसी देशों को विशेष महत्व देते हैं। ‘’मैं निष्ठापूर्वक उम्मीद करता हूँ कि हम दक्षिण एशियाई क्षेत्र में सहयोग और संपर्क के नए युग की शुरूआत करने के लिए मिलकर काम कर सकते हैं, जिससे हमारी समृद्धि होगी।‘’
श्री मोदी ने जोर देकर कहा कि भारत के लिए बांग्लादेश ‘’सिर्फ एक पड़ोसी ही नहीं है बल्कि एक ऐसा देश है जिसके साथ हम इतिहास, संस्कृति, सभ्यता और लोगों के बीच स्थाई संपर्कों बांटते हैं।‘’ प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के आदर्श, धर्मनिरपेक्षता, बहुलवाद और कानून का शासन भारत और बांग्लादेश के बीच संपर्क का काम करते हैं।
श्री मोदी ने शेख हसीना को आश्वासन दिया, ‘’मेरी सरकार संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेगी।’’
प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश की यात्रा का श्रीमती शेख हसीना का निमंत्रण स्वीकार कर लिया। उन्होंने सहूलियत के मुताबिक शेख हसीना को जल्द भारत आने का निमंत्रण दिया।