Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

मं‍त्रिमंडल ने आईपीआर पर भारत और कनाडा के बीच समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केन्‍द्रीय मं‍त्रिमंडल ने भारत और कनाडा के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) को अपनी पूर्व-व्‍यापी मंजूरी दे दी है। बौद्धिक संपदा (आईपी) के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग कार्यकलापों को स्‍थापित करने के लिए 23 फरवरी, 2018 को इस एमओयू पर हस्‍ताक्षर किया गया। इस एमओयू का उद्देश्‍य दोनों देशों में नवोन्‍मेषण, रचनाशीलता एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है।

यह समझौता ज्ञापन एक व्‍यापक और लचीले संरचना की स्‍थापना करता है, जिसमें दोनों देश सर्वश्रेष्‍ठ प्रचलनों का आदान-प्रदान कर सकते हैं और आईपीआर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा तकनीकी विनिमयों पर एकजुट होकर काम कर सकते हैं तथा बौद्धिक संपदा अधिकारों (आईपीआर) की बेहतर तरीके से सुरक्षा कर सकते हैं।

एमओयू के तहत प्राथमिकता पहलों में शामिल हैं :-

दोनों देशों के नागरिकों, व्‍यवसायों तथा सार्वजनिक संस्‍थानों के बीच आईपी जागरूकता बढ़ाने पर सर्वश्रेष्‍ठ प्रचलनों, अनुभवों एवं ज्ञान का आदान-प्रदान।
विशिष्‍ट आईपी क्षेत्रों से जुड़े मानव संसाधनों के साथ परस्‍पर सम्‍पर्क करने के लिए विशेषज्ञों का आदान-प्रदान।
प्रतिभागियों द्वारा एकल रूप से या संयुक्‍त रूप से आयोजित कार्यक्रमों, प्रशिक्षण एवं समारोह में भागीदारी के जरिये उद्योग, विश्‍वविद्यालय, अनुसंधान एवं विकास संगठनों तथा छोटे एवं मझोले उद्यमों (एसएमई) के साथ आईपी पर सर्वश्रेष्‍ठ प्रचलनों, अनुभवों एवं ज्ञान का आदान-प्रदान एवं प्रसार।
आईपी में आधुनिकीकरण परियोजनाओं, नवीन एवं वर्तमान प्रलेखन एवं सूचना प्रणालियों के स्‍वचालन एवं कार्यान्‍वयन के विकास में सहयोग और आईपी के प्रबंधन के लिए प्रक्रियाएं।
यह समझने में कि किस प्रकार पारम्‍परिक ज्ञान की सुरक्षा की जाए; एवं पारंपरिक ज्ञान संबंधित डाटा आधारों और वर्तमान आईपी प्रणालियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने समेत सर्वश्रेष्‍ठ प्रचलनों के विनिमय में सहयोग।
स्‍थानीय आईपी एवं व्‍यवसाय समुदायों के लिए आईपी संबंधित प्रशिक्षण में सहयोग एवं
ऐसा अन्‍य कोई सहयोग कार्यकलाप, जिस पर इस एमओयू के दायरे के भीतर आपसी रूप से उनमें निर्णय हो।