पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री कोच्चि में एकीकृत रिफाइनरी विस्तार परिसर एवं कोच्चि स्थित एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में मॉडल्डेड स्टोरेज वेसल राष्ट्र को समर्पित करेंगे
प्रधानमंत्री बीपीसीएल कोच्चि रिफाइनरी में पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखेंगे
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 27 जनवरी 2019 को कोच्चि, केरल की यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान, वे 27 जनवरी 2019 को बीपीसीएल कोच्चि स्थित एकीकृत रिफाइनरी विस्तार परिसर को राष्ट्र को समर्पित करने की पट्टिका का अनावरण करेंगे। वे इसी स्थल पर पेट्रोकेमिकल परिसर की आधारशिला भी रखेंगे। पीएम कोच्चि स्थित आईओसीएल एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में मॉडल्डेड स्टोरेज वेसल का उद्घाटन भी करेंगे और इत्तुमानूर में कौशल विकास संस्थान की आधारशिला भी रखेंगे।
एकीकृत रिफाइनरी विस्तार परिसर एक आधुनिक विस्तार परिसर होगा और कोच्चि रिफाइनरी को विश्व स्तर के मानकों के साथ भारत के सबसे बड़े पीएसयू रिफाइनरी में बदल देगा। यह भारत के लिए स्वच्छ ईंधन के उत्पादन से युक्त होगा। यहां एलपीजी और डीजल का उत्पादन दोगुना हो जायेगा और इस संयंत्र में पेट्रोकेमिकल परियोजनाओं के लिए फीडस्टॉक का भी उत्पादन शुरू होगा।
कोच्चि स्थित आईओसीएल एलपीजी बॉटलिंग प्लांट के मॉडल्डेड स्टोरेज वेसल की कुल भंडारण क्षमता 4350 एमटी होगी। संयंत्र की भंडारण क्षमता को लगभग 6 दिनों की एलपीजी आवश्यकता को पूरा करने के लिए बढ़ाया गया है। यह संयंत्र के लिए और आस-पास के क्षेत्रों के लिए उच्चतम स्तर की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाला सबसे सुरक्षित भंडारण पोत है। पाइपलाइन के माध्यम से एलपीजी भेजे जाने के कारण सड़कों पर एलपीजी टैंकरों की आवाजाही कम हो जाएगी।
बीपीसीएल कोच्चि रिफाइनरी स्थित पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स एक मेक इन इंडिया पहल है जिसका उद्देश्य आयात पर निर्भरता को कम करना है। प्रोपलीन से निकला पेट्रोकेमिकल और पॉलीओल परियोजना कई उद्योगों को उत्प्रेरित करेगी।
पेट्रोकेमिकल और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा समर्थित इत्तुमानूर में कौशल विकास संस्थान व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा और तेल एवं गैस तथा अन्य उद्योगों में युवाओं हेतु रोजगार और उद्यमशीलता (उद्यमिता) को भी बढ़ाएगा। यह विश्वस्तरीय संस्थान केरल सरकार द्वारा आवंटित आठ एकड़ के परिसर में स्थापित किया जाएगा।इस संस्थान में 20 विभिन्न क्षेत्रों में प्रति वर्ष लगभग 1000 युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने की क्षमता होगी।
प्रधानमंत्री इससे पहले 15 जनवरी, 2019 को कोल्लम बाईपास के उद्घाटन के अवसर पर केरल आए थे और तिरुवनंतपुरम स्थित पद्मनाभस्वामी मंदिर का भी दौरा किया था।
PM @narendramodi to visit Kochi, Kerala tomorrow. https://t.co/j2c45x7zOn
— PMO India (@PMOIndia) January 26, 2019
via NaMo App pic.twitter.com/W6phs19Ynx