पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को आम चुनाव 2019 में जीत हासिल करने पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री श्रीमति शेख हसीना, भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, भूटान के प्रधानमंत्री डॉ. लोटे शेरिंग, नेपाल के प्रधानमंत्री श्री के.पी. शर्मा ओली, मालदीव के राष्ट्रपति श्री इब्राहिम मोहम्मद सोलिह, श्रीलंका के प्रधानमंत्री श्री रानिल विक्रमसिंघे, रूस के राष्ट्रपति श्री व्लादिमीर पुतिन, फ्रांस के राष्ट्रपति श्री इमैनुएल मैक्रॉन, जापान के प्रधानमंत्री श्री शिंजो आबे, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री श्री स्कॉट मॉरिसन, मॉरीशस के प्रधानमंत्री श्री प्रवीण जुगनाथ, यूएई के शहजादे श्री मोहम्मद बिन जायद और इजरायल के प्रधानमंत्री श्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित दुनिया भर के नेताओं ने टेलिफोन करके बधाई दी।
प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इन नेताओं ने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के प्रति भारत के लोगों की आस्था को दर्शाता है।
विश्व के नेताओं के स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आम चुनाव भारतीय लोकतंत्र की ताकत को दर्शाते हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय संबंधों और बहुपक्षीय सहयोग को विकसित करने में उनके सहयोग के लिए विश्व के नेताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने मजबूत संबंधों को और बेहतर बनाने के लिए आगे भी मिलजुल कर काम करने की अपनी इच्छा जाहिर की। प्रधानमंत्री ने ऐसे कई अन्य नेताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी हैं।