Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

मानव तस्‍करी को रोकने के लिए भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच समझौता ज्ञापन


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात के बीच मानव तस्‍करी को रोकने एवं उसका मुकाबला करने के लिए आपसी सहयोग पर समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्‍ताक्षर करने के लिए अपनी मंजूरी दे दी।

यह एमओयू दोनों देशों के बीच मित्रता के रिश्‍ते को मजबूत बनायेगा तथा मानव तस्‍करी, विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्‍चों की तस्‍करी को रोकने, बचाव राहत एवं उनके देश-प्रत्‍यावर्तन के मुद्दे पर आपसी सहयोग को शीघ्रता से बढ़ायेगा।

इस एमओयू की मुख्‍य विशेषताएं निम्‍नलिखित हैं:-

1. सभी प्रकार की मानव तस्‍करी, विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्‍चों की तस्‍करी को रोकने के लिए सहयोग को मजबूत बनाना तथा त्‍वरित जांच और दोनों देशों में से किसी में भी मानव तस्‍करों एवं संगठित अपराध का अभियोजन सुनिश्चित करना ।

2. रोक संबंधी कदम उठाना, जो महिलाओं एवं बच्‍चों की तस्‍करी को खत्‍म करेगा एवं मानव तस्‍करी के पीडि़तों के अधिकारों की सुरक्षा करेगा।

3. मानव तस्‍करी प्रकोष्‍ठ एवं कार्य बल दोनों ही देशों में मानव तस्‍करी को रोकने के लिए कार्य करेंगे।

4. पुलिस एवं अन्‍य संबंधित अधिकारी साथ मिल कर कार्य करेंगे एवं सूचनाओं का आदान प्रदान करेंगे जिसका उपयोग मानव तस्‍करों पर पाबंदी लगाने के लिए किया जा सकता है।

5. पीडि़तों का देश-प्रत्‍यावर्तन जहां तक संभव है, शीघ्रतापूर्वक किया जाएगा और गृह देश पीडि़तों का सुरक्षित एवं कारगर पुनर्एकीकरण शुरु करेगा।

6. समझौता ज्ञापन के कामकाज की निगरानी के लिए दोनों देशों के प्रतिनिधियों के साथ एक संयुक्‍त कार्य बल का गठन किया जाएगा।