Search

न्यूज अपडेट्स

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के मैसूरु में भारत के पहले एलईडी डोम तारामंडल, ‘कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल’ का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के मैसूरु में भारत के पहले एलईडी डोम तारामंडल, ‘कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल’ का उद्घाटन किया


प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज कर्नाटक के मैसूर में भारत के पहले एलईडी डोम तारामंडल, ‘कॉसमॉस–मैसूर तारामंडल‘ का उद्घाटन किया। श्री मोदी ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कन्नड़ भाषा में शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘विवेक स्मारक‘ के उद्घाटन के कुछ ही महीनों बाद, ‘कॉसमॉस तारामंडल‘ को राष्ट्र को समर्पित करने के लिए मैसूरु वापस आने पर खुशी प्रकट की। उन्होंने बताया कि जहाँ ‘विवेक स्मारक‘ आत्म–चिंतन और आध्यात्मिक खोज के लिए प्रेरित करता है, वहीं ‘कॉसमॉस तारामंडल‘ विशाल ब्रह्मांड के रहस्यों को जानने के लिए हमारी दृष्टि को आकाश की ओर ले जाता है। उन्होंने इन दोनों स्थलों के गहरे सांस्कृतिक संदेश पर जोर दिया। श्री मोदी ने कहा, “यह इस बात का उदाहरण है कि भारत में आध्यात्मिकता और विज्ञान की परंपराएं हमेशा एक साथ आगे बढ़ी हैं।“

प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि कैसे हमारे प्राचीन पूर्वजों ने आकाश का सूक्ष्म अध्ययन किया, ग्रहों और तारों की गति को समझा, कैलेंडर बनाए, और सूर्य व चंद्र ग्रहणों की गणना की। उन्होंने आर्यभट्ट, वराहमिहिर, भास्कराचार्य और नीलकंठ सोमयाजी जैसे महान भारतीय खगोलशास्त्रियों की विरासत की जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “उस समय आज की तरह उन्नत उपकरण और तकनीक नहीं थी; फिर भी, उन्होंने महान खोज कीं और कठिन गणनाएं कीं।“

मैसूरु की ज्ञान–संस्थानों को बढ़ावा देने की समृद्ध परंपरा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मैसूर, युवाओं और नागरिकों को यह अत्याधुनिक तारामंडल (प्लेनेटेरियम) समर्पित करके भारत की वैज्ञानिक यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ रहा है। इस परंपरा में महाराजा नलवाड़ी कृष्णराज वाडियार के तहत मैसूर विश्वविद्यालय की स्थापना और बेंगलुरु में ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस‘ की नींव रखने में वाडियार शाही परिवार की अहम भूमिका शामिल है, जिसने विद्वानों की कई पीढ़ियों को सशक्त बनाया है। उन्होंने बताया कि एलईडी गुंबद के अंदर शो देखना अपने आप में अद्भुत अनुभव था, और इस उपलब्धि के लिए उन्होंने पूरे देश को बधाई दी। श्री मोदी ने कहा, “मैं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स, मैसूर विश्वविद्यालय, सरकार के विभिन्न विभागों और इसके निर्माण से जुड़े सभी लोगों को बधाई देता हूं।“

प्रधानमंत्री ने भारत के राष्ट्रीय आदर्श वाक्य के विकासक्रम पर बल दिया – ‘जय जवान, जय किसान‘ से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा जोड़े गए ‘जय विज्ञान‘ और उनके अपने द्वारा जोड़े गए ‘जय अनुसंधान‘ तक, जो 21वीं सदी के भारत का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने पिछले साल मुंबई में आयोजित ‘इंटरनेशनल ओलंपियाड ऑन एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स‘ में भारतीय युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की और वियतनाम में इस साल के आयोजन में उनके शानदार प्रदर्शन का जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत से पांच विद्यार्थी वियतनाम गए थे; जिनमें से चार ने स्वर्ण पदक और एक ने रजत पदक जीता, जो पूरे देश के लिए गर्व की बात है।“

श्री मोदी ने इस वर्ष के इंटरनेशनल ओलंपियाड में गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान जैसे विषयों में स्वर्ण या रजत पदक जीतने वाले युवा भारतीय विद्यार्थियों की रिकॉर्ड–तोड़ उपलब्धियों पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि जब भी युवा भारतीयों को सीखने के संसाधन, तकनीक, उपकरण और संस्थागत सहयोग मिलता है, तो वे असाधारण उपलब्धियां हासिल करते हैं। श्री मोदी ने कहा, “यह कॉसमॉस तारामंडल (COSMOS Planetarium) अब उनके सपनों को आकार देने में भी बहुत सहायता करेगा।“

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक स्तर पर हो रहे तेजी से तकनीकी बदलावों के बीच कोई भी देश धीमी गति से आगे बढ़ने का जोखिम नहीं उठा सकता। उन्होंने पिछले एक दशक में खगोल विज्ञान, खगोल भौतिकी और अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में भारत की अभूतपूर्व प्रगति का जिक्र किया। इसमें नई दूरबीनों और इसरो के महत्वपूर्ण मिशन शामिल हैं, जैसे कि चंद्रयान-3 के जरिए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरने वाला पहला देश बनना और भारत की पहली अंतरिक्ष सौर वेधशाला, ‘आदित्य–एल1′ (Aditya-L1) को लॉन्च करना। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “पिछले साल ही, भारत अंतरिक्ष में डॉकिंग और अनडॉकिंग (जुड़ने और अलग होने) की क्षमता प्रदर्शित करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया।“

प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा की और वहां कई नए प्रयोग किए। उन्होंने इन प्रयोगों से मिले नतीजों के रणनीतिक महत्व पर बल दिया। श्री मोदी ने कहा, “इस मिशन से मिला अनुभव हमारे अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम, ‘गगनयान‘ के लिए भी बहुत उपयोगी साबित हो रहा है।“

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी भागीदारी के लिए खोलने के सरकार के फैसले का जिक्र किया। इससे भारतीय स्टार्टअप्स और युवाओं को निजी रॉकेट लॉन्च करने, उपग्रहों को कक्षा में स्थापित करने और अंतरिक्ष से जुड़े नए व साहसिक कार्य करने का मौका मिला है, जिससे वे अपनी क्षमताओं को साबित कर पा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ‘नए भारत‘ के वैज्ञानिक दृष्टिकोण को दर्शाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा, “यहाँ नई खोजों को बढ़ावा दिया जा रहा है, नई तकनीकें विकसित की जा रही हैं और हमारे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए जा रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत हमेशा ‘मानवता सर्वोपरि‘ के मंत्र से प्रेरित रहा है और उसने अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम को मानव कल्याण के लिए समर्पित किया है। उन्होंने मछुआरों के लिए इसरो द्वारा विकसित सैटेलाइट संचार प्रणाली का उदाहरण दिया। श्री मोदी ने कहा, “इस प्रणाली की सहायता से, जिन नावों में रिसीवर लगे हैं, उनके नाविकों को तूफान के समय समय रहते चेतावनी दी जा सकती है और उनके सुरक्षित तट पर लौटने पर नज़र भी रखी जा सकती है।“

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के रोज़मर्रा के उपयोगों का ज़िक्र करते हुए भारत की अंतरिक्ष क्षमताओं के दोहरे प्रभाव पर बल दिया। इनमें भारतीय रेलवे और इसरो द्वारा विकसित ‘रियल–टाइम ट्रेन ट्रैकिंग सिस्टम‘ शामिल है, जिससे ट्रेनों की लाइव लोकेशन का पता चलता है। इसके अलावा, ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना‘ के तहत फसल की पैदावार का अनुमान लगाने और बीमा दावों के निपटारे के लिए सैटेलाइट डेटा और ज़मीनी जानकारी का इस्तेमाल किया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज हमारे उपग्रह अंतरिक्ष की ऊंचाइयों को छू रहे हैं, और साथ ही, इनका उपयोग पृथ्वी पर लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए भी किया जा रहा है।“

प्रधानमंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि सरकार की ‘समाज के लिए विज्ञान‘ की सोच पूरे देश में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने का मुख्य आधार है। उन्होंने बताया कि देशभर में मौजूद 10,000 से अधिक ‘अटल टिंकरिंग लैब्स‘ से अब तक एक करोड़ से ज़्यादा विद्यार्थियों को लाभ मिला है। श्री मोदी ने कहा, “इन लैब्स में बच्चों को अपने विचारों पर काम करने, नए प्रयोग करने और नवाचार करने के अवसर मिल रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि शोध को आगे बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों और विद्वानों को दुनिया के बेहतरीन वैज्ञानिक साहित्य तक पहुंच देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि देश के संस्थानों को वैश्विक स्तर के जर्नल्स उपलब्ध कराने के लिए ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन‘ शुरू किया गया है और ‘अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन‘ का गठन किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इसके जरिए हम ज्यादा से ज्यादा विश्वविद्यालयों को नए शोध करने में सहायता कर रहे हैं।“

प्रधानमंत्री ने पिछले साल शुरू की गई एक लाख करोड़ रुपये की ‘रिसर्च, डेवलपमेंट एंड इनोवेशन‘ (शोध, विकास और नवाचार) योजना का जिक्र किया, जिसका उद्देश्य देश के शोधकर्ताओं को लगातार फंडिंग देना है। उन्होंने इस पहल के व्यावहारिक असर पर जोर देते हुए कहा, “इससे नई तकनीकों को प्रयोगशाला से बाहर निकालकर उनके व्यावहारिक उपयोग तक पहुंचाने में सहायता मिल रही है।“

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के तेजी से बढ़ते विज्ञान और शोध इकोसिस्टम में युवाओं की जिज्ञासा जगाने में तारामंडल (प्लेनेटेरियम) और विज्ञान केंद्र अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ‘कॉसमॉस‘ (COSMOS) से जुड़े लोगों से आग्रह किया कि वे लगातार आसपास के स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को यहां आमंत्रित करें। इसके साथ ही, उन्होंने उनके भविष्य की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जो बच्चे यहां ब्रह्मांड के बारे में जानने आते हैं, हो सकता है कि उनमें से कुछ एक दिन वापस आएं और हमें बताएं कि उन्होंने ब्रह्मांड के बारे में क्या नई खोजें की हैं। यही इस ‘कॉसमॉस प्लेनेटेरियम‘ की सबसे बड़ी सफलता होगी।”

*******

पीके/केसी/आरटी/पीके /डीए