Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

अबू धाबी के राजकुमार के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री का वक्तव्य

अबू धाबी के राजकुमार के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री का वक्तव्य

अबू धाबी के राजकुमार के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री का वक्तव्य


अबू धाबी के राजकुमार,
महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान,
मीडिया के मित्रों,

मुझे भारत के प्रिय मित्र महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का स्वागत करते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है। हमें इस बात की प्रसन्नता है कि महामहिम अपनी दूसरी राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं। और, कल गणतंत्र दिवस समारोह में हमारे सम्मानित मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता के चलते उनकी यह यात्रा अत्यंत खास है। महामहिम, मैं गर्मजोशी से हमारी अगस्त 2015 और गत वर्ष फरवरी में हुई मुलाकात को याद कर रहा हूं। हमारी चर्चा का दायरा विस्तृत था जिसमें हमारे द्विपक्षीय संबंधों के सभी क्षेत्र शामिल थे। निजी तौर पर, हमारी भागीदारी पर आपके नजरिए, हमारे क्षेत्र को लेकर आपकी समझ और आपके वैश्विक दृष्टिकोण से मुझे अत्यंत लाभ हुआ है। महामहिम, आपके नेतृत्व में हम अपने संबंधों में नई सहक्रिया (सिनर्जी) का निर्माण करने में सफल रहे हैं। अपनी विस्तृत रणनीतिक साझेदारी को उद्देश्यपूर्ण और कार्य उन्मुख बनाने के लिए हमने एक महत्वकांक्षी रोडमैप को आकार दिया है। अभी जिस समझौते का आदान-प्रदान किया गया है वह इस समझ को संस्थापित करेगा।

मित्रों,

संयुक्त अरब अमीरात दुनिया के एक महत्वपूर्ण हिस्से में हमारे सबसे मूल्यवान सहयोगियों में एक, और करीबी मित्र है। मैंने अभी महामहिम के साथ बहुत ही उपयोगी और फलदायी विचार-विमर्श समाप्त किया है। हमारी पिछली दो मुलाकातों के दौरान लिए गए विभिन्न निर्णयों को लागू करने पर ही हमारा विशेष जोर रहा। हम ऊर्जा और निवेश समेत सभी प्रमुख क्षेत्रों में हमारे संबंधों की गति को बनाए रखने पर सहमत हैं।


मित्रों,

हम भारत की विकास गाथा में एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में संयुक्त अरब अमीरात का सम्मान करते हैं। मैं विशेषरूप से भारत के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश के लिए यूएई द्वारा दिखाई गई दिलचस्पी का स्वागत करता हूं। हम यूएई में संस्थागत निवेशकों को हमारे राष्ट्रीय निवेश एवं बुनियादी ढांचा कोष के साथ जोड़ने के लिए काम कर रहे हैं। मैंने महामहिम से दुबई में वर्ल्ड एक्सपो 2020 की इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में साझीदारी के लिए भारतीय कंपनियो की दिलचस्पी की बात भी साझा की है। यूएई हमारे विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के विकास से जुड़कर लाभान्वित हो सकता है। हम डिजिटल अर्थव्यवस्था के निर्माण, मानव पूंजी और भारत में स्मार्ट शहरीकरण को लेकर हमारी पहलों में मौजूद प्रचुर अवसरों का संयुक्त रूप से दोहन कर सकते हैं। हम द्विपक्षीय व्यापार की गुणवत्ता और मात्रा बढ़ाने के लिए दोनों देशों के व्यापार एवं उद्योगों को प्रोत्साहित भी करेंगे तथा उनकी सुविधाएं भी बढ़ाएंगे। व्यापार उपायों के समझौते पर आज हुए हस्ताक्षर हमारी व्यापारिक साझेदारी को आगे और मजबूत करेगा। ऊर्जा के क्षेत्र में हमारी साझेदारी हमारे जुड़ाव का एक महत्वपूर्ण सेतु है। यह हमारी ऊर्जा सुरक्षा में योगदान करता है। महामहिम और मैंने विशिष्ट परियोजनाओं एवं प्रस्तावों के माध्यम से हमारे ऊर्जा संबंधों को एक रणनीतिक दिशा में बदलने के तरीकों पर चर्चा की है। इसके लिए, दीर्घ अवधि के आपूर्ति समझौते और ऊर्जा के क्षेत्र में संयुक्त उपक्रमों की स्थापना लाभकारी मार्ग साबित हो सकती है।

मित्रों,

सुरक्षा एवं रक्षा सहयोग ने हमारे संबंधों को उभरता हुआ नया आयाम दिया है। हम नए रक्षा क्षेत्रों में अपने उपयोगी संबंधों को विस्तार देने पर सहमत हुए हैं। इसमें समुद्री क्षेत्र भी शामिल है। रक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए आज एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह हमारी रक्षा गतिविधियों को सही दिशा देने में मददगार होगा। हम यह भी महसूस करते हैं कि हमारे समाज की सुरक्षा के लिए हिंसा और उग्रवाद से निपटने हेतु हमारे मेलमिलाप का बढ़ना जरूरी है।

मित्रों,

महामहिम और मेरा मानना है कि हमारे करीबी संबंधों का महत्व सिर्फ हम दोनों देशों के लिए नहीं है, बल्कि यह समूचे पड़ोस के लिए भी महत्वपूर्ण है। हमारा संमिलन इस क्षेत्र की स्थिरता में मदद कर सकता है। और, हमारी आर्थिक साझेदारी क्षेत्रीय और वैश्विक समृद्धि का एक स्रोत हो सकती है।

हमने मध्य एशिया और खाड़ी क्षेत्र के विकास पर अपने विचारों का आदान-प्रदान किया, जहां शांति एवं स्थिरता में दोनों देशों के साझा हित हैं। हमने अफगानिस्तान समेत हमारे क्षेत्र के विकास पर भी चर्चा की। कट्टरपंथ और आतंकवाद के बढ़ते खतरे से अपने लोगों की रक्षा एवं सुरक्षा को लेकर हमारी साझा चिंताएं हैं और इस क्षेत्र में भी हमारे संबंध आकार ले रहे हैं।

मित्रों,

संयुक्त अरब अमीरात 26 लाख भारतीयों का घर है। उनके योगदान को भारत और संयुक्त अरब अमीरात में काफी महत्व दिया जाता है। मैं संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय नागरिकों के कल्याण का ध्यान रखने के लिए महामहिम का आभार व्यक्त करता हूं। मैं अबू धाबी में भारतीय मूल के लोगों को एक मंदिर के लिए भूमि आवंटित करने पर महामहिम को धन्यवाद भी करता हूं।

मित्रों,

हमारी भागीदारी की सफलता में महामहिम शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और महामहिम शेख मोहम्मद द्वारा दिखाई गई निजी दिलचस्पी की बहुत बड़ी भूमिका है।आगे, हमारा सहयोग एक ऊंची उड़ान के लिए तैयार है। महामहिम, मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपकी यात्रा हमारी पूर्व में हुई मुलाकात के दौरान बनी समझ और मजबूत बढ़त पर आधारित होगी। और, इसकी भविष्य की रूपरेखा का आकार गहराई, गतिशीलता और हमारी साझेदारी की विविधता द्वारा चिन्हित होगा। अंत में, मैं महामहिम को भारत आने का मेरा निमंत्रण स्वीकार करने के लिए धन्यवाद देता हूं। मैं उन्हें और उनके प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों को भारत में अत्यंत सुखद प्रवास के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

धन्यवाद, बहुत-बहुत धन्यवाद।