Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

अहमदाबाद में आयोजित योगासन विश्व चैंपियनशिप के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ

अहमदाबाद में आयोजित योगासन विश्व चैंपियनशिप के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ


नमस्कार !

आज अहमदाबाद की धरती से विश्व की स्पोर्ट्स लेगेसी में एक और नया अध्याय जुड़ा है। आज, पहली वर्ल्ड योगासना चैंपियनशिप शुरु हो रही है। मैं इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेने आए, सभी देशों के एथलीट्स का भारत में स्वागत करता हूं, अपनी शुभकामनाएं देता हूं। अहमदाबाद, यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी है, और भारत के इस ऐतिहासिक शहर में ये आयोजन पूरे देश के लिए गर्व की बात है। अब से कुछ दिन बाद, 21 जून को ‘वर्ल्ड योगा डे’ भी मनाया जाएगा। उस दिन दुनिया के अलग-अलग देशों में योग से जुड़े आयोजन होंगे, और इसका प्रमुख कार्यक्रम भारत के एक और ऐतिहासिक शहर कोलकाता में होगा। वर्ल्ड योगा डे से पहले वर्ल्ड योगासना चैंपियनशिप, अपने आप में हेल्थ और वेलनेस की डबल डोज लेकर आ गई है।

साथियों,

करीब एक दशक पहले भारत संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव लेकर गया था। हम प्राचीन भारतीय परंपरा को पूरी मानवता के स्वास्थ्य और सामूहिक कल्याण से जोड़ना चाहते थे, और तब UN में 190 देशों ने भारत के इस प्रस्ताव को समर्थन किया था। आज यह देखकर बहुत खुशी होती है कि करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना चुके हैं। ध्यान, प्राणायाम, उनकी जीवनशैली का हिस्सा बन रहा है।

लेकिन साथियों,

हर जीवंत परंपरा, समय के साथ नए चरण में प्रवेश करती है। योगासन स्पोर्ट्स की ये वर्ल्ड चैंपियनशिप, इसी चरण का शुभारंभ है। इस Championship के माध्यम से योगासन को एक Competitive Sport के रूप में नई पहचान मिलेगी। मुझे विश्वास है कि भविष्य में योगासन भी अंतरराष्ट्रीय खेलकूद में अपनी जगह बनाएगा, चाहे ओलंपिक्स हो या मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स हो, हम जितनी मेहनत करेंगे, सुखद परिणाम आ भी सकता है। और निश्चित तौर से इसमें अहमदाबाद में होने जा रही इस पहली वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप की बहुत बड़ी भूमिका होगी।

साथियों,

योगासन स्पोर्ट्स का एक और पक्ष है। हम जानते हैं कि हर बड़ा Sport अपने साथ एक पूरा Ecosystem लेकर आता है। ये रोजगार के नए अवसर पैदा करता है, इसलिए जैसे-जैसे Yogasana स्पोर्ट्स का विस्तार होगा, वैसे-वैसे इससे जुड़ी नई संभावनाएं भी बढ़ेंगी। यह खिलाड़ियों के लिए नई Career Opportunities लेकर आएगा। यह Trainers, Sports Scientists, Researchers और Event Managers के लिए भी नए अवसर बनाएगा।

साथियों,

जैसा मैंने पहले कहा, यह Championship ऐसे समय में आयोजित हो रही है, जब पूरी दुनिया International Day of Yoga की तैयारी में भी जुटी हुई है। इस वर्ष International Day of Yoga की थीम है- Yoga for Healthy Ageing. आज लोग ऐसे उपायों की तलाश में हैं, जो उन्हें लंबे समय तक स्वस्थ और सक्रिय बनाए रख सकें। योग इसका बहुत Suitable Option है। योग, भोग से भी मुक्ति देता है और रोग से भी मुक्ति देता है, और सबसे अहम बात कि Minimum Budget में Healthy Lifestyle का ये सबसे उत्तम उपाय है। इसलिए, आपको ये मंत्र याद रखना है- हर रोज योग, भगाएगा सारे रोग।

साथियों,

इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए, भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने ‘Yoga Three Sixty Five’ अभियान शुरू किया है। मैं इस World Yogasana Championship में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों से भी आग्रह करूंगा, जब आप अपने-अपने देशों में लौटें, तो योग के इस संदेश को भी अपने साथ लेकर जाएं। आप सभी, अपने-अपने देशों में ‘Yoga Three Sixty Five’ के Ambassadors बन सकते हैं। आपका अनुभव और योग के प्रति आपका विश्वास, पूरे विश्व को इस संदेश से जोड़ सकता है।

साथियों,

इस प्रतियोगिता में जीत चाहे जिसकी भी हो, इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय का हिस्सा बनकर आप सभी पहले से ही Champion बन गए हैं। आपकी प्रतिभा, आपका अनुशासन दुनिया भर के युवाओं को प्रेरित करेगा। इन्हीं शुभकामनाओं के साथ, मैं World Yogasana Championship के लिए सभी प्रतिभागियों को और आयोजकों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

I hereby declare The First World Yogasana Championship 2026, Ahmedabad, open.

 

****

MJPS/SS/ST/RK