पीएमइंडिया
ओमान के सुल्तान के विशेष दूत युसूफ बिन अलावी अब्दुल्ला ने आज नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने सुल्तान की शुभकामनाएं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को देते हुए भारत के साथ ओमान के संबंधों के महत्व के प्रति अपनी वचनबद्धता को दोहराया।
प्रधानमंत्री ने ओमान के सुल्तान की भावनाओं की हृदय से प्रशंसा करते हुए कहा कि वह दोनों देशों के बीच करीबी संबंधों को और मजबूत करने के प्रति आशान्वित हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री ने ओमान में रह रहे 7 लाख भारतीयों के कल्याण और देखभाल के लिए ओमान के सुल्तान को धन्यवाद भी दिया।