पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में नागर विमानन महानिदेशालय( डीजीसीए) और फ्रांस के नागर विमानन प्राधिकरण (डीजीसीए) के बीच सहमति ज्ञापन को सहमति प्रदान की है। इससे दोनों संगठनों के बीच अंतर्राष्ट्रीय नागर उड्डयन संगठन( आईसीएओ) के मानकों और सिफारिश की गई कार्यप्रणाली के क्रियान्वयन और प्रोत्साहन के लिए तकनीकी सहयोग कार्यक्रम को लागू किया जा सकेगा।
इस संबंध में सहमति ज्ञापन पर दोनों सरकारों की अनुमति के बाद हस्ताक्षर किए जाएंगे और इसकी अवधि चार वर्ष होगी।
तकनीकी सहयोग कार्यक्रम नागर विमानन महानिदेशालय के अधिकारियों के कौशल और विशेषज्ञता में वृद्धि में लाभदायक सिद्ध होगा। सहमति ज्ञापन से दोनों पक्षों के बीच इंजीनियरों, तकनीकी कर्मियों और प्रबंधकों आदि को प्रशिक्षण देने में सहयोग में भी लाभ मिलेगा।
इसमें डीजीसीए और डीजीएसी को समान रूप से रूचि वाले किसी अन्य विषय को भी सम्मिलित किया जा सकेगा। इस उद्देश्य के लिए दोनों पक्ष निम्नलिखित कार्यों द्वारा सहयोग करेंगे।
1. लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विभिन्न तकनीकों से संबंधित जानकारी का आदान-प्रदान
2. भारत में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए फ्रांस के विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों को भेजना, और
3. फ्रांस में प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए भारत के विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों को सुविधा प्रदान करना।
इस सहमति पत्र के अंतर्गत भारत के डीजीसीए और फ्रांस के डीजीएसी के बीच विशेष गतिविधियों को दोनों पक्षों के बीच आम सहमति से पूरा किया जाएगा।