पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चुनाव आयोग को वर्ष 2017-18 के दौरान 4,10,000 बैलेट यूनिट (बीयू) और 3,14,000 कंट्रोल यूनिट (सीयू) तथा वर्ष 2018-19 के दौरान 4,35,306 बैलेट यूनिट (बीयू) और 71,716 कंट्रोल यूनिट (सीयू) की खरीद के लिए मंजूरी दे दी है। इनकी संभावित कीमत क्रमशः 7,700 रुपये और 9,300 रुपये प्रति यूनिट होगी। इस कुल खरीद की अनुमानित लागत 1,009.6 करोड़ रुपये होगी। यह खरीद भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल), बेंगलुरू और इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल), हैदराबाद के जरिये होगी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मैसर्स बीईएल और मैसर्स ईसीआईएल की उत्पादन क्षमता और मशीनों की आपूर्ति के पिछले प्रदर्शन के आधार पर चुनाव आयोग को उपकरणों के आर्डर की संख्या निर्धारित करने के लिए भी अधिकृत किया है।
इससे वर्ष 2000-2005 के दौरान खरीदी गई उन इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को चरणबद्ध तरीके से बाहर करने में सुविधा होगी, जिनका अब इस्तेमाल नहीं हो रहा है। यह चुनाव आयोग को वर्ष 2019 के आम लोकसभा चुनावों और कुछ राज्यों के विधानसभा चुनावों के संचालन की जरूरतों को पूरा करने के लिए स्टॉक की भरपाई सुनिश्चित करने सक्षम बनाएगा। यह चुनाव आयोग को इस बात के लिए अधिकृत करेगा कि वह खरीद प्रक्रिया का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करे और इन मशीनों की समय पर डिलीवरी हो सके।