Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

पूंजीगत सामान क्षेत्र के लिए भारत और जर्मनी के बीच एमओयू को कैबिनेट की मंजूरी


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने पूंजीगत सामान क्षेत्र के लिए ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के क्रियान्‍वयन हेतु एक सहमति पत्र (एमओयू) को मंजूरी दे दी है, जिस पर भारत और जर्मनी ने हस्‍ताक्षर किये हैं।

इसके तहत भारी उद्योग विभाग और जर्मनी स्‍थि‍त फ्राउनहोफर जेसेलशैफ्ट (फ्राउनहोफर) के बीच एमओयू पर हस्‍ताक्षर किये गये हैं। फ्राउनहोफर यूरोप में प्रायोगिक (अप्‍लायड) औद्योगिक शोध के लिए 65 संस्‍थानों का एक अग्रणी संगठन है। इस एमओयू पर हस्‍ताक्षर किये जाने का मुख्‍य उद्देश्‍य विभिन्‍न सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों और पूंजीगत सामान क्षेत्र की इकाइयों को एक प्‍लेटफॉर्म उपलब्‍ध कराना है, ताकि फ्राउनहोपर की क्षमताओं एवं विशेषज्ञता तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित हो सके। इससे 12वीं पंचवर्षीय योजना के अनुरूप तकनीकी खाई की पहचान करने एवं उसे समाप्‍त करने में मदद मिलेगी।

विनिर्माण क्षेत्र में चिन्हित परियोजनाओं के क्रियान्‍वयन में फ्राउनहोफर एक ‘तकनीकी संसाधन भागीदार’ की भूमिका निभाएगा। यह संगठन अप्‍लायड औद्योगिक शोध एवं तकनीकी विकास के क्षेत्र में अपेक्षाकृत ज्‍यादा सहयोग सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार एवं उद्योगों के हितधारकों और शैक्षणिक समुदाय के साथ मिलकर काम करेगा। इनके पास उन्नत औद्योगिक प्रौद्योगिकी प्रदान करने की क्षमता है, जिसकी जरूरत भारतीय पूंजीगत सामान क्षेत्र को है।