Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

कैबिनेट ने उच्च शिक्षण संस्थानों में पूंजी तैयार करने के लिए हायर एजुकेशन फाइनेंसिंग एजेंसी की स्थापना को अनुमति प्रदान की


प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उच्च शिक्षण संस्थानों में पूंजी तैयार करने के लिए हायर एजुकेशन फाइनेंसिंग एजेंसी की स्थापना को अनुमति प्रदान की। इससे प्रमुख शैक्षिक संस्थानों में उच्च गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे को तैयार किया जा सकेगा।

मानव संसाधन विकास मंत्रालय और चिह्नित किए गए प्रमोटर हायर एजुकेशन फाइनेंसिंग एजेंसी को बढ़ावा देंगे। इसके लिए 2000 करोड़ रुपये की पूंजी तय की गई है जिसमें सरकार की 100 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी होगी। इसके अन्य प्रमोटर में सरकारी बैंक होंगे। 20000 करोड़ रुपये तक का निवेश आईआईटी, प्रबंधन संस्थानों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में प्रयोगशालाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने में इस्तेमाल किया जाएगा।

हायर एजुकेशन फाइनेंसिंग एजेंसी सीएसआर कोष के तहत सार्वजनिक उपक्रमों से भी कोष जुटाने का काम करेगा जिसका उपयोग शोध एवं नवोमेष का करने वाले इन संस्थानों पर खर्च किया जाएगा। हायर एजुकेशन फाइनेंसिंग एजेंसी शैक्षणिक संस्थानों में बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए 10 वर्ष के लिए इन संस्थानों को ऋण मुहैया कराएगा। सरकार नियमित योजना सहायता के माध्यम से ब्याज का भुगतान करेगी।

सभी केंद्रीय वित्त पोषित उच्च शैक्षिक संस्थान हायर एजुकेशन फाइनेंसिंग एजेंसी के सदस्यों के रूप में शामिल होने के लिए पात्र होंगे। सदस्य के रूप में शामिल होने के वास्ते संस्थान को 10 साल की अवधि के लिए एजेंसी को अपने आंतरिक स्रोतों से एक विशेष राशि देने के लिए सहमत होना होगा।