Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

कैबिनेट ने एएआई की परिचालन श्रेणी के विशिष्‍ट कर्मचारियों को डीपीई द्वारा निर्दिष्‍ट 50 प्रतिशत (संशोधन-पूर्व) सीमा के अलावा दिये जा रहे कुछ विशेष भत्‍तों के नियमितीकरण को मंजूरी दी


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने भारतीय विमानपत्‍तन प्राधिकरण (एएआई) की परिचालन श्रेणी के विशिष्ट कर्मचारियों यथा हवाई यातायात नियंत्रकों, संचार अधिकारियों और पायलट को सार्वजनिक उद्यम विभाग (डीपीई) द्वारा निर्दिष्ट 50 प्रतिशत (संशोधन-पूर्व)/25 प्रतिशत (संशोधित) सीमा के अलावा दिये जा रहे कुछ विशेष भत्तों के नियमितीकरण को मंजूरी दे दी है। इन भत्‍तों में रेटिंग भत्‍ता, कार्य दबाव भत्‍ता, प्रवीणता भत्‍ता, उड़ान भत्‍ता और प्रशिक्षक भत्‍ता शामिल हैं। कैबिनेट ने इसके साथ ही इन भत्‍तों को 35 प्रतिशत (संशोधित) सीमा के दायरे से बाहर रखने की भी स्‍वीकृति दे दी है। इन्‍हें अपनी नौकरी के दौरान कई तरह के जटिल कार्य पूरे करने होते हैं, जिनके लिए व्‍यापक ज्ञान एवं विशेषज्ञता के साथ-साथ ज्ञान संबंधी विशिष्‍ट कौशल (स्‍थानिक धारणा, सूचनाओं की प्रोसेसिंग, तार्किक ज्ञान, निर्णय लेना, संचार संबंधी पहलू और मानवीय संबंध) का व्‍यावहारिक उपयोग करना भी आवश्‍यक होता है।

यह निर्णय इस तथ्‍य को ध्‍यान में रखते हुए लिया गया है कि हवाई यातायात में कई गुना वृद्धि हुई है और ये तकनीकी कर्मी आकाश में उड़ानों को अत्‍यंत सुरक्षित रखते हैं। इसका उद्देश्‍य सर्वोत्‍तम प्रतिभाशाली प्रोफेशनलों को आकर्षित करना और मौजूदा प्रशिक्षित श्रम बल को बनाये रखना है, ताकि हवाई सफर करने वालों को विश्‍वस्‍तरीय सुविधाएं मिल सकें। इन प्रोफेशनलों को समुचित पारिश्रमिक देने की जरूरत है।