Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

कैबिनेट ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में सहयोग के लिए ताइवान के साथ सहमति पत्र को अपनी स्‍वीकृति दी


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत स्थित ताइपे आर्थिक एवं सांस्‍कृतिक केंद्र और ताइपे स्थित भारत ताइपे संघ के बीच सहमति पत्र को अपनी पूर्वव्‍यापी मंजूरी दे दी है।

इस सहमति पत्र (एमओयू) में कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्‍स्‍य पालन, जलीय कृषि (एक्वाकल्चर) एवं खाद्य प्रसंस्करण, आनुवंशिक संसाधनों के साथ-साथ पर्यावरणीय स्थिरता के क्षेत्र में सहयोग का उल्‍लेख किया गया है। दोनों पक्ष इन क्षेत्रों में सहयोग के लिए दोनों देशों के निजी क्षेत्र को प्रोत्‍साहित करेंगे। दोनों पक्षों के बीच सहयोग में यात्राओं, सूचनाओं, प्रौद्योगिकी एवं प्रशिक्षण के आदान-प्रदान के साथ-साथ व्‍यापार बाधाओं में कमी सुनिश्चित करते हुए कृषि व्‍यापार का विस्‍तारीकरण भी शामिल हैं।

एमओयू के तहत आपसी हित के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान करने और दोनों पक्षों द्वारा चिन्‍हित गतिविधियों के क्रियान्वयन की दिशा में प्रगति के लिए आगे की कार्रवाई हेतु एक संयुक्‍त कार्यकारी समिति गठित की जाएगी। इस एमओयू पर आरंभ में पांच वर्षों की अवधि के लिए हस्‍ताक्षर किए जायेंगे और अगले पांच वर्षों की अवधि के लिए इसका स्‍वत: ही नवीकरण हो जायेगा, बशर्ते कि इनमें से कोई भी पक्ष इसे निरस्‍त करने की अपनी मंशा/इरादा व्‍यक्‍त न कर दे।