पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने तुंगभद्रा स्टील प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीएसपीएल) की अचल परिसंपत्तियों के निपटान के संबंध में इस कंपनी को बंद करने संबंधी सीसीईए के निर्णय पर अमल को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही टीएसपीएल की शेष देनदारियों के समायोजन के बाद कंपनी रजिस्ट्रार की सूची से इस कंपनी का नाम हटाने को भी मंजूरी दे दी गई है।
उल्लेखनीय है कि आर्थिक मामलों पर कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने दिसंबर 2015 में इस कंपनी को बंद करने को मंजूरी दे दी थी। कर्मचारियों/कामगारों और ऋणदाताओं की सभी बकाया रकम के निपटान के बाद ही इस आशय की स्वीकृति दी गई थी। कैबिनेट ने 20,000 वर्ग मीटर भूमि के साथ एमएमएच संयंत्रों का हस्तांतरण कर्नाटक सरकार को करने की स्वीकृति दे दी थी। कैबिनेट ने कर्नाटक राज्य आवास बोर्ड के उपयोग के लिए हॉस्पेट स्थित कंपनी की 82.37 एकड़ भूमि की बिक्री कर्नाटक सरकार को किए जाने की भी स्वीकृति दे दी थी। इस भूमि की बिक्री कर्नाटक सरकार को उसके द्वारा पेशकश की गई प्रति एकड़ 66 लाख रुपये की दर से की जा रही है।