पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत और केन्या के बीच कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में दि्पक्षीय सहयोग पर समझौता ज्ञापन(एमओयू) को मंजूरी प्रदान कर दी है।
इस एमओयू के तहत इन क्षेत्रों से जुड़ी सभी गतिविधियां आएंगी जिनमें कृषि अनुसंधान, पशु पालन एवं दूग्ध, पशुधन और मत्स्य पालन, बागवानी, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, फसल कटाई के बाद प्रबंधन और विपणन, मृदा तथा संरक्षण, जल प्रबंधन, सिंचाई, खेती प्रणाली के विकास और एकीकृत जलागम विकास, एकीकृत कीट प्रबंधन, कृषि संयंत्र, मशीनरी और उपकरण, स्वच्छता और पादप संबंधी मुद्दे शामिल हैं।
इस समझौते के तहत दोनों देशों के प्रतिनिधियों के एक संयुक्त कार्य समूह का गठन होगा, जो इससे संबंधित सहयोग कार्यक्रमों को विकसित करने और उसके कार्यान्वयन की निगरानी करने के प्रावधान जैसे मुद्दों पर काम करेगा ।
हस्ताक्षर होने के दिन से ही यह एमओयू प्रभावी हो जाएगा और यह पांच वर्षों के लिए वैध होगा। उसके बाद यह स्वतः अगले पांच वर्षों के लिए नवीनीकृत हो जाएगा। अगर कोई इसके लिए इच्छुक नहीं होगा तो इस समझौते की अवधि समाप्त होने से छह महीने पूर्व ही नोटिस देकर इसे खत्म कर सकेगा।