पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जमीनी स्तर पर नवाचार में सहयोग स्थापित करने के लिए भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर को मंजूरी दे दी है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में सहयोग के लिए दोनों देशों के बीच हुए समझौते के मद्देनजर एमओयू पर 7 जुलाई 2016 को प्रेटोरिया में हस्ताक्षर किए गए थे।
इस एमओयू के तहत दोनों देश साथ मिलकर मंच, सेमिनार, कार्यशाला एवं नवाचार संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे और एक-दूसरे के साथ ओपन सोर्स प्रौद्योगिकी साझा करेंगे। इसके अलावा दोनों देश विचारों को वाणिज्यिक रूप से व्यवहार्य नवाचारों में बदलने में अन्वेषकों की मदद के लिए संयुक्त परियोजनाओं (संबंधित देश में प्रासंगिक उद्योग के साथ साझेदारी सहित) का विकास और सामाजिक लाभ के लिए प्रौद्योगिकी का हस्तांतरण करेंगे।
एमओयू एक ढांचा मुहैया कराएगा और ऐसा माहौल तैयार करने में मदद करेगा जो खास तौर पर स्वदेशी ज्ञान पद्धति एवं कृषि जैव प्रौद्योगिकी पर ध्यान केंद्रित करते हुए दोनों देशों में समावेशी नवाचार एवं उद्यमशीलता को बढ़ावा देगा।