Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

जॉर्डन के शाह की भारत यात्रा के दौरान हस्‍ताक्षर किए गए सहमति ज्ञापनों/समझौतों की सूची


1. रक्षा सहयोग पर सहमति ज्ञापन

सहमति ज्ञापन का उद्देश्‍य भारत और जॉर्डन के बीच रक्षा के क्षेत्र में सहयोग को ऐसे सहयोग के दायरे को परिभाषित करके तथा प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग, आतंकवाद विरोधी कार्रवाई, सैन्‍य अध्‍ययन, साइबर सुरक्षा, सैन्‍य चिकित्‍सा सेवाओं और शांति स्‍थापना जैसे मान्‍यता प्राप्‍त क्षेत्रों में सहयोग को लागू करने के प्रावधान करके सहयोग को प्रोत्‍साहित करना है।

2. कूटनीतिक और सरकारी पासपोर्ट धारकों के लिए वीज़ा छूट

इस समझौते में भारत और जॉर्डन के कूटनीतिक और सरकारी पासपोर्ट धारकों को वीज़ा की आवश्‍यकता के बगैर एक दूसरे देश में आने-जाने और एक दूसरे देश के भू-भाग में आवाजाही की अनुमति देने का प्रावधान है।

3. सास्‍कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम (सीईपी)

यह कार्यक्रम 2018-2022 अवधि के लिए है। इसमें संगीत और नृत्‍य, थियेटर, प्रदर्शनी, संगोष्‍ठी और सम्‍मेलन, अभिलेखगार, पुस्‍तकालय, संग्रहालय, साहित्‍य, शोध तथा प्रलेखन, विज्ञान संग्रहालय, त्‍योहर, मास मीडिया तथा युवा कार्यक्रमों के क्षेत्र में भारत और जॉर्डन के बीच आदान-प्रदान का प्रावधान है।  

4. मानव शक्ति सहयोग समझौता

इस सहमति ज्ञापन में जॉर्डन में भारतीय नागरिको  के ठेका रोजगार चक्र के प्रशासन में श्रेष्‍ठ व्‍यवहारों को प्रोत्‍साहित करने के लिए भारत और जॉर्डन के बीच सहयोग का प्रावधान है। 

5. भारत और जॉर्डन के बीच स्‍वास्‍थ्‍य और औषधि के क्षेत्र में सहयोग के लिए सहमति ज्ञापन

इस सहमति ज्ञापन का उद्देश्‍य भारत और जॉर्डन के संबंधित विधायी व्‍यवस्‍थाओं तथा नियमन प्रावधान के अनुसार समानता और पारस्‍परिक लाभ के आधार पर स्‍वास्‍थ्‍य, चिकित्‍सा विज्ञान, चिकित्‍सा शिक्षा तथा अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग स्‍थापित और प्रोत्‍साहित करना है।

6. जॉर्डन में अगली पीढ़ी के उत्‍कृष्‍टता केन्‍द्र (सीओई) की स्‍थापना के लिए सहमति ज्ञापन

इसका उद्देश्‍य पांच वर्षों में जॉर्डन के कम से कम 3000 आईटी पेशेवरों के प्रशिक्षण के लिए जॉर्डन में अगली पीढ़ी का उत्‍कृष्‍टता केन्‍द्र (सीओई) स्‍थापित करना और भारत में आईटी क्षेत्र में जॉर्डन के मास्‍टर प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए संसाधन केन्‍द्र स्‍थापित करना है।   

7. रॉक फॉस्‍फेट  तथा उर्वरक/एनपीके की दीर्घकालीक सप्‍लाई के लिए सहमति ज्ञापन

इस सहमति ज्ञापन का उद्देश्‍य फॉस्फोरिक  एसिड/डीएपी/एनपीके उर्वरकों के लिए जॉर्डन में रॉक फॉस्‍फेट का खनन और उत्‍पादन सुविधा की स्‍थापना,  भारत के 100 प्रतिशत उठाव के लिए दीर्घकालिक समझौता, यह सहमति ज्ञापन भारत को रॉक फॉस्‍फेट की दीर्घकालिक और निरंतर सप्‍लाई सुनिश्चित करता है।

8. सीमा शुल्‍क परस्‍पर सहायता समझौता

इस समझौते में सीमा शुल्‍क से जुड़े अपराधों को रोकने और सीमा शुल्‍क कर फीस तथा सीमा शुल्‍क प्रशासन द्वारा लगाए गए अन्‍य प्रभारों के संबंध में सीमा शुल्‍क कानूनों का उचित रूप से लागू करना सुनिश्चित करने के लिए भारत और जॉर्डन के बीच पारस्‍परिक सहायता का प्रावधान करना है।

9. आगरा और पेट्रा  (जॉर्डन) के बीच दोहरा समझौता

इस समझौते से आगरा और पेट्रा की महापालिकाएं पर्यटन, संस्‍कृति, खेल-कूद तथा आर्थिक क्षेत्रों में परस्‍पर सहयोग के लिए कार्यों की पहचान करके सामाजिक संबंधों को प्रोत्‍साहित करने के लिए संयुक्‍त रूप से कार्य करने की घोषणा करती हैं।    

10. भारतीय जन संचार संस्‍थान (आईआईएमसी) तथा जॉर्डन मीडिया इस्टिट्च्‍यूट  (जेएमआई) के बीच सहयोग

इस सहमति ज्ञापन का उद्देश्‍य दोनों संस्‍थानों के बीच संयुक्‍त परियोजनाओं का विकास करना, शैक्षिक और वैज्ञानिक गतिविधियों को संयुक्‍त रूप से आयोजित करना तथा स्‍टॉफ, विद्यार्थियों और समान हित की सामग्रियों का आदान-प्रदान करना है।

11. प्रसार भारती और जॉर्डन टीवी के बीच सहमति ज्ञापन

इस सहमति ज्ञापन में कार्यक्रमों के सह-निर्माण, कार्मिकों के प्रशिक्षण तथा आगे सहयोग के लिए प्रसार भारती और जॉर्डन रेडियो तथा टीवी कारपोरेशन के बीच सहयोग का प्रावधान है।  

12. जॉर्डन विश्‍वविद्यालय (यूजे) तथा आईसीसीआर के बीच विश्‍वविद्यालय में हिन्‍दी पीठ की स्‍थापना के लिए सहमति ज्ञापन

यह सहमति ज्ञापन जॉर्डन विश्‍वविद्यालय में हिन्‍दी भाषा के लिए आईसीसीआर पीठ की स्‍थापना और संचालन के लिए आईसीसीआर जॉर्डन विश्‍वविद्यालय के बीच सहयोग का आधार प्रस्‍तुत करता है।   

क्र. सं. सहमति ज्ञापन/समझौते का नाम विवरण