Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

डेनमार्क के प्रधानमंत्री वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन 2019 के लिए भारत की यात्रा पर


डेनमार्क के प्रधानमंत्री श्री लार्स लोएक रासमुसेन वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन 2019 में शामिल होने के लिए 18-19 जनवरी, 2019 तक भारत की यात्रा पर हैं। डेनमार्क सम्मेलन में सहयोगी देश के रूप में भाग ले रहा है। प्रधानमंत्री श्री रासमुसेन के साथ डेनमार्क की कंपनियों का एक उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी सम्मेलन में भाग लेगा।

वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन के दौरान 18 जनवरी, 2019 को गांधी नगर में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रधानमंत्री श्री रासमुसेन के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। इसके पहले दोनों प्रधानमंत्रियों की बैठक अप्रैल, 2018 में स्टॉक होम में भारत-नार्डिक सम्मेलन के दौरान हुई थी।

बैठक में दोनों राजनेताओं ने  द्विपक्षीय बैठक के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श किया तथा द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ाने की असीम संभावनाओं पर सहमति व्यक्त की।

डेनमार्क कई तकनीकों के संदर्भ में विश्व का अग्रणी देश है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि डेनमार्क के पास कौशल है और भारत में संभावनाएं हैं। पूरे विश्व को नई प्रौद्योगिकी की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत और डेनमार्क को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि दोनों देशों को एक अनुसंधान इकाई स्थापित करनी चाहिए जहां खाद्य सुरक्षा, जल प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन, सतत विकास जैसे वैश्विक समस्याओं के समाधान ढूंढे जा सकें।

बैठक के दौरान 2 सहमति पत्रों का आदान-प्रदान हुआ। पहला सहमति पत्र भारत के नौवहन मंत्रालय और डेनमार्क के उद्योग, व्यापार और वित्तीय मामलों के मंत्रालय के बीच तथा दूसरा सहमति पत्र पणजी गोवा में अर्बन लिविंग लैब स्थापित करने के लिए इमेजिन पणजी स्मार्ट सिटी डवलेपमैंट लिमिटेड तथा नई दिल्ली स्थित डेनमार्क दूतावास के बीच हुआ।

नौवहन, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण, कृषि व खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में लगभग 130 डेनमार्क की कंपनियों ने भारत में निवेश किया है। ये कंपनियां स्मार्ट शहरी विकास और अपशिष्ट से ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में विस्तार करना चाहती हैं।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री रासमुसेन 19 जनवरी, 2019 को नई दिल्ली में डेनमार्क सांस्कृतिक संस्थान और डेनमार्क दूतावास के नए भवन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री रासमुसेन भ्रमण के लिए आगरा भी जायेंगे।