Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

दोहरा कराधान टालने के लिए भारत और वियतनाम के बीच हुए समझौते में संशोधन करने वाले प्रोटोकॉल को कैबिनेट की स्‍वीकृति


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केन्‍द्रीय मंत्रिमंडल ने दोहरे कराधान को टालने और आमदनी पर कर के मामले में राजकोषीय चोरी को रोकने के लिए भारत और वियतनाम के बीच हुए समझौते में संशोधन करने वाले प्रोटोकॉल को अपनी स्‍वीकृति दे दी है।

इस प्रोटोकॉल में कर संबंधी सूचनाओं के कारगर ढंग से आदान-प्रदान के लिए अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर स्‍वीकृत मानकों का जिक्र है, जिनमें बैंक सूचनाएं और बगैर घरेलू कर हित वाली सूचनाएं भी शामिल हैं।

इसमें इस बात का भी उल्‍लेख किया गया है कि भारत के किसी निवासी के संबंध में वियतनाम से जो सूचनाएं प्राप्‍त होंगी, उन्‍हें वियतनाम के सक्षम प्राधिकरण से स्‍वीकृति मिलने के बाद अन्‍य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा किया जा सकता है। इसी तरह वियतनाम के किसी निवासी के संबंध में भारत से जो सूचनाएं प्राप्‍त होंगी, उन्‍हें भारत के सक्षम प्राधिकरण से स्‍वीकृति मिलने के बाद अन्‍य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा किया जा सकता है।