Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

नेपाल की संविधान सभा में प्रधानमंत्री की घोषणाएं


प्रधानमंत्री ने आज काठमांडू में नेपाल की संविधान सभा को संबोधित करते हुए नेपाल की मदद के लिए हिट फार्मूले का प्रस्ताव किया। उन्होंने कहा कि हाईवेज़ यानी राजमार्ग, इनर्फामेशन हाईवेज़ यानी सूचना राजमार्ग और ट्रांसवेज़ यानी ट्रांसमिशन लाइन्स में मदद करके भारत नेपाल के विकास में योगदान कर सकता है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि भारत नेपाल के विकास में मदद करने के लिए दस हजार करोड़ नेपाली रुपये की ऋण सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने घोषणा की कि वे नेपाल को बिजली का आपूर्ति बढ़ा कर दो गुनी करना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नेपाल में तेल की आपूर्ति के लिए पाइप लाइने बिछायी जाएंगी। उन्होंने कहा कि नेपाल के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियों में बढ़ोतरी की जाएगी। भारत जड़ी बूटियों का प्रमुख निर्यातक बनने में नेपाल की मदद करेगा। उन्होंने कहा कि भारत आध्यात्मिक और साहसिक दोनों प्रकार के पर्यटन को बढ़ावा देने में नेपाल की क्षमता के विकास में भी सहायता करेगा।

उन्होंने कहा कि जितना जल्द नेपाल भारत के करीब आएगा उतना ही उसके लिए अच्छा होगा। प्रधानमंत्री ने महाकाली नदी पर पुल बनाने और पंचेश्वर बहु प्रयोजनीय परियोजना को शीघ्र शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया।

श्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच टेलीफोन कॉल करना भारत से अमरीका कॉल करने की तुलना में मंहगा पड़ता है। वे चाहते हैं कि इस स्थिति में परिवर्तन लाया जाए।

उन्होंने कहा कि भारत नेपाल सीमा एक बैरियर नहीं, बल्कि सम्पर्क सेतु बनना चाहिए जो दोनों देशों में खुशहाली लाने में मददगार हो।

श्री नरेंद्र मोदी ने कार्बनिक खेती और मृदा स्वास्थ्य के क्षेत्रों में नेपाल की सहायता करने की भी पेशकश की।