Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

प्रधानमंत्री ने अफगानिस्तान के राष्‍ट्रपति डॉ. अशरफ गनी से टेलीफोन पर बात की


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज इस्‍लामी गणराज्‍य अफगानिस्‍तान के राष्‍ट्रपति डॉ. अशरफ गनी को फोन कर उन्‍हें राष्‍ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने डॉ. गनी की बुद्धिमता और नेतृत्‍व क्षमता और अफगानिस्‍तान में एकता, शांति तथा विकास की स्‍थापना के लिए उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की जिसके कारण वहां एक व्‍यापक जनाधार वाली समावेशी सरकार का गठन शांतिपूर्ण राजनीतिक परिवर्तन द्वारा संभव हुआ। श्री मोदी ने हिंसा तथा आतंकवाद से अधिक महत्‍व लोकतंत्र में विश्‍वास को देने के लिए अफगानिस्‍तान के लोगों और राजनेताओं को धन्‍यवाद दिया।

श्री मोदी ने विश्‍वास जताया कि राष्‍ट्रपति डॉ. गनी की विशेषज्ञता, वैश्विक अनुभव और विस्‍तृत ज्ञान तथा उनके आर्थिक सुधारों और विकास के साहसी एजेंडे का लाभ अफगानिस्‍तान के सभी हिस्‍सों को मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. गनी का अनुभव भारत और इस क्षेत्र के अन्‍य देशों के लिए लाभदायक होगा।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विश्‍वास दिलाया कि एक मजबूत, स्थिर, शांत लोकतांत्रिक, समावेशी और समृद्ध राष्‍ट्र के रूप में अफगानिस्‍तान सरकार के प्रयासों में भारत एक मित्र एवं सहयोगी के रूप में हर कदम पर सदैव साथ रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और अफगानिस्‍तान के संबंध प्राचीन संस्‍कृति के जुड़ाव, आपसी स्‍नेह तथा आदर पर आधारित हैं और अफगानिस्‍तान के एक राष्‍ट्र के रूप में पुननिर्माण के दौरान हाल के वर्षों में और प्रगाढ़ हुए हैं।

राष्‍ट्रपति डॉ. गनी ने प्रधानमंत्री की बधाई की हार्दिक सराहना की। उन्‍होंने अफगानिस्‍तान में लोकतंत्र तथा आर्थिक नीति की स्‍थापना को भारत की देन बताया। राष्‍ट्रपति डॉ. गनी ने श्री मोदी की चुनावी सफलता और विकास आधारित दृष्टिकोण की भी सरा‍हना की। उन्‍होंने कहा कि यह दृष्टिकोण अफगानिस्‍तान तथा समूचे क्षेत्र के लिए लाभकारी होगा।

राष्‍ट्रपति डॉ. गनी ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उन्‍हें प्रथम अवसर मिलने पर भारत आने का निमंत्रण भी स्‍वीकार किया। उन्‍होंने दोनों देशों के बीच राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और आर्थिक सलाहकारों के बीच तत्‍काल बातचीत शुरू किए जाने का सुझाव भी दिया।