पीएमइंडिया
[
122KB ]
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति श्री हामिद करजई की अगवानी की। श्री करजई इस समय भारत की यात्रा पर हैं।
प्रधानमंत्री ने श्री करजई के नेतृत्व और दूरदर्शिता के लिए एक बार फिर उनको बधाई दी, जिसकी वजह से अफगानिस्तान में ऐतिहासिक एवं शांतिपूर्ण राजनीतिक बदलाव और राष्ट्रीय एकता वाली सरकार का गठन सुनिश्चित हो सका। उन्होंने भारत-अफगानिस्तान संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में राष्ट्रपति करजई के अपरिमित योगदान की भी सराहना की। श्री करजई ने कहा कि भारत और अफगानिस्तान के बीच संबंध समय की कसौटी पर परखे गये हैं। अफगानिस्तान के विकास और पुनर्निर्माण में भारत के योगदान की अफगानिस्तान में व्यापक सराहना हुई है। विशेषकर मानव संसाधन विकास में भारत की सहायता बहुमूल्य है।
श्री करजई ने प्रधानमंत्री को अफगानिस्तान में राष्ट्रीय एकता वाली सरकार के गठन के बाद की घटनाओं की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत, सशक्त, शांतिपूर्ण , समावेशी, समृद्ध और लोकतांत्रिक अफगानिस्तान बनाने की दिशा में नयी सरकार और अफगानिस्तान की जनता के प्रयासों में हरसम्भव सहयोग देने को प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें काठमांडू में होने वाले सार्क शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति अशरफ घानी से मुलाकात का इंतजार है।