पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को न्यूयॉर्क पहुंचे। अमरीका में भारत के राजदूत डॉ. एस. जयशंकर ने जॉन एफ कैनेडी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।
न्यूयॉर्क के मैडिसन एवेन्यु में प्रधानमंत्री की प्रतीक्षा कर रहे सैकड़ों लोगों ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने कुछ समय इन लोगों के साथ बातचीत की। मैडिसन एवेन्यु के निकट स्थित होटल में प्रधानमंत्री ठहरेंगे।
न्यूयॉर्क के महापौर बिलडे ब्लासियो ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की। चर्चा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को न्यूयॉर्क शहर की सार्वजनिक आवासीय परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने भी भारत में ‘सबके लिए आवास’ के लक्ष्य के बारे में बताया और सबके लिए वहन करने योग्य आवासों के लिए बेहतर परियोजनाओं में भागीदारी की संभावना के बारे में बात की। इस दौरान आतंकवाद के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लम्बे समय से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। श्री ब्लासियो ने 11 सितंबर के आतंकी हमले के बाद आतंकवाद से निपटने के लिए न्यूयॉर्क शहर द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी।
अमरीका के राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के निदेशक प्रोफेसर हैरल्ड वारमस ने भी प्रधानमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, कुपोषण और टीकाकरण संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे।
Another photo from New York City. pic.twitter.com/fI04d9SraQ
— PMO India (@PMOIndia) September 26, 2014