पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भारत और स्पेन के बीच बंदरगाहों से जुड़े मामलों पर सहयोग के लिए समझौते पत्र पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दे दी गई।
बंदरगाहों के मामलों में दोनों देशों के बीच सहयोग से होने वाले लाभ को देखते हुए इस समझौते पर हस्ताक्षर का फैसला किया गया। समझौते का मकसद बंदरगाहों और समुद्र से जुड़े मामलों में दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना और एक दूसरे की ओर से परस्पर मदद और विचार-विमर्श को बढ़ावा देना है।
समझौते पत्र पर हस्ताक्षर से दोनों देशों में बंदरगाहों को बढ़ावा देने और उन्हें विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे समुद्री यातायात को भी बढ़ावा मिलेगा। अलग-अलग समुद्री संस्थानों के कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं के बीच प्रशिक्षण और जानकारियों का आदान-प्रदान हो सकेगा। इससे बंदरगाहों से वाणिज्यक वस्तुओं का परिवहन और तेज होगा। दोनों देशों के संयुक्त उपक्रमों की वजह से बंदरगाह आधारित विकास को बढ़ावा मिलेगा। उनकी क्षमता बढ़ेगी। साथ ही मौजूदा बंदरगाहों का आधुनिकीकरण होगा। इससे बंदरगाहों से लगे समुद्र में ड्रेजिंग को बढ़ावा मिलेगा। पर्यावरण अनुकूल बंदरगाहों के विकास, बंदरगाह इंजीनियरिंग, समुद्री प्रशिक्षण, सूचना प्रौद्योगिकी और बंदरगाह से जुड़ी अन्य गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।