पीएमइंडिया
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री महामहिम सुश्री शेख हसीना ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री सुश्री हसीना ने राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी की पत्नी श्रीमती शुभ्रा मुखर्जी के निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीमती शुभ्रा मुखर्जी के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होने के लिए प्रधानमंत्री सुश्री हसीना के भारत आगमन पर उनका धन्यवाद व्यक्त किया।
इस वर्ष जून में अपने बांग्लादेश के दौरे को याद करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री सुश्री शेख हसीना को धन्यवाद दिया कि उनके नेतृत्व में दोनों देशों के बीच सीमा विवाद समझौता शांतिपूर्ण तरीके से और समय पर क्रियान्वित हो गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बीबीआईएन मोटर वाहन समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए प्रधानमंत्री सुश्री हसीना का स्वागत किया और इस बात पर सहमति व्यक्त की कि क्षेत्रीय संपर्कता को बढ़ाने के लिए उपायों को मजबूत किया जाएगा।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जल्द से जल्द भारत का आधिकारिक दौरा करने के लिए प्रधानमंत्री सुश्री शेख हसीना को आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री सुश्री हसीना ने यह आमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
Had a good meeting with PM Sheikh Hasina. pic.twitter.com/WHKDmgjU0v
— Narendra Modi (@narendramodi) August 19, 2015