पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कल भारत और अमरीका के बीच उन्नत स्वच्छ उर्जा साझेदारी के माध्यम से उर्जा पहुंच को बढ़ावा देने में सहायता के लिए एक पेस सेटर निधि स्थापित करने के मुद्दे पर किए गए समझौते को अपनी मंजूरी दे दी। इस समझौते पर 30 जून, 2015 को नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए गए थे।
सहमति पत्र पर हस्ताक्षर होने से शुरूआती चरण में वित्तपोषण प्रदान करके ऑफ-ग्रिड स्वच्छ उर्जा के नए समाधानों के वाणिज्यीकरण में तेजी लाने में मदद मिलेगी, जिससे नए उत्पादों, प्रणालियों और व्यापार प्रारूपों को विकसित करने और उनकी जांच के लिए व्यापार को अनुमति मिलेगी।
इस समझौते से ऑफ-ग्रिड स्पेस में स्वच्छ उर्जा के क्षेत्र में तकनीकी और वाणिज्यिक नवीनता और प्रगति के माध्यम से सहयोग में मदद मिलेगी। इसके लिए भारत और अमरीका ने 50:50 हिस्सेदारी के आधार पर लगभग 500 मिलियन रूपए (8 मिलियन अमरीकी डॉलर) का प्रबंध किया है।