पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भूकम्प से क्षतिग्रस्त हुए बागान स्थित पगौडा, म्यांमार के अनुरक्षण के लिए भारत और म्यांमार के बीच सहमति-ज्ञापन (एमओयू) को मंजूरी दी गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 6-7 सितम्बर, 2017 के दौरान म्यांमार दौरे पर इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इस परियोजना के कार्यान्वयन से म्यांमार के साथ भारत के सांस्कृतिक और धार्मिक क्षेत्र के प्रयासों को और मज़बूती मिलेगी। इस परियोजना से म्यांमार के लोगों के बीच भारत की ख्याति में व्यापक इजाफा होगा क्योंकि इसका धार्मिक महत्व के साथ-साथ पर्यटक महत्व भी है। इससे म्यांमार के साथ भारत की विकासात्मक साझेदारी में भी योगदान होगा। बागान म्यांमार का प्रमुख पर्यटन आकर्षण है। इससे स्मारकों की पुनर्बहाली और अनुरक्षण में भारत की विशेषज्ञता को प्रदर्शित करने का न केवल सुअवसर मिलेगा अपितु, म्यांमार के साथ-साथ अन्य देशों के पर्यटकों में भी भारत की साख बढ़ेगी।