पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल को मार्च, 2018 में भारत और फ्रांस के बीच टिकाऊ शहरी विकास के क्षेत्र में हुए समझौते के बारे में जानकारी दी गई। यह समझौता 5 वर्ष की अवधि तक लागू रहेगा।
विवरण
इस समझौते का उद्देश्य स्मार्ट सिटी, शहरी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली का विकास, शहरी व्यवस्थाओं और सुविधाओं (जल आपूर्ति और सिवरेज प्रणाली), ठोस कचरे का निपटान और प्रबंधन, कचरा भराव स्थानोंमें सुधार, गैर राजस्व जल का प्रबंधन, जल का दोबारा उपयोग और रिसाइकलिंग, तकनीकी बदलाव, जलदायी स्तर का कृत्रिम रूप से पुनर्भरण द्वारा ताजे जल का संरक्षण, वृत्तीय अर्थव्यवस्था, सामूहिक आवास, पर्यावरण अनुकूल आवास, शहरी नियोजन, विरासत, मानव संसाधन विकास, क्षमता निर्माण और दोनों पक्षों के आपसी सहमति से संबंधित अन्य क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना है।
कार्यान्वयन रणनीति
इस समझौते के अंतर्गत सहयोग पर कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करने और कार्यान्वयन के लिए इसके प्रारूप के तहत संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) गठित किया जाएगा। संयुक्त कार्य समूह वर्ष में एक बारबैठक करेगा,जो बारी-बारी से भारत और फ्रांस में आयोजित होंगी।
प्रमुख प्रभाव
इस समझौते से दोनों देशों के बीच टिकाऊ शहरी विकास के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
लाभार्थी
इस समझौते से स्मार्ट सिटी विकास, शहरी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली, शहरी व्यवस्थाओं और सुविधाओं (जल आपूर्ति और सिवरेज प्रणाली), ठोस कचरे के निपटान और प्रबंधन, कचरा भराव स्थानों में सुधार,किफायती आवास, कचरा प्रबंधन, शहरी वातावरण और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में रोजगार पैदा होने की संभावना है।