पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल को नवीकरणीय ऊर्जा में सहयोग के लिए भारत और गुयाना के बीच हुए समझौता-ज्ञापन से अवगत कराया गया। समझौता ज्ञापन पर 30 जनवरी, 2018 को दिल्ली में विद्युत तथा नवीन और नवीकरण ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री आर के सिंह तथा गुयाना के द्वितीय उपराष्ट्रपति और विदेश मंत्री महामहिम श्री कार्ल बी ग्रिनिज द्वारा हस्ताक्षर किया गया।
समझौता ज्ञापन का उद्देश्य दोनों देशों में पारस्परिक लाभ, समानता और पारस्परिक आदान-प्रदान के आधार पर नवीन तथा नवीकरण ऊर्जा के विषयों पर तकनीकी द्विपक्षीय सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए सहकारी संस्थागत संबंध का आधार तैयार करना है। समझौता ज्ञापन में संयुक्त कार्य समिति स्थापित करने का प्रावधान है ताकि सहयोग से संबंधित विषयों की समीक्षा, निगरानी की जा सके और उन पर विचार-विमर्श किया जा सके। समझौता ज्ञापन में विशेषज्ञों के आदान -प्रदान तथा सूचना नेटवर्किंग का प्रावधान है । इस समझौता ज्ञापन से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग मजबूत होगा।