Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

मंत्रिमंडल ने आईसीएआई एवं संयुक्‍त अरब अमीरात के हायर कॉलेजेज ऑफ टेक्‍नोलॉजी के बीच एमओयू को मंजूरी दी


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2011 में हस्‍ताक्षरित सहमति ज्ञापन (एमओयू) और द चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) एवं संयुक्‍त अरब अमीरात के हायर कॉलेज ऑफ टेक्‍नोलॉजी (एचसीटी) के बीच एमओयू के नवीनीकरण को अपनी पूर्वव्‍यापी मंजूरी दी है।

एचसीटी, यूएई के साथ एमओयू का नवीनीकरण निम्‍नलिखित शर्तों के साथ किया गया है:-

1. आईसीएआई लेखा एवं वित्त से संबंधित एचसीटी के वर्तमान पाठ्यक्रम की समीक्षा करते हुए एचसीटी को तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।

2. आईसीएआई नए/संशोधित पाठ्यक्रम एवं मॉड्यूल शुरू करने का सुझाव देगा जिससे आईसीएआई की सदस्यता हासिल करने के उद्देश्य से आईसीएआई की तकनीकी पेशेवर परीक्षा पास करने में एचसीटी के छात्रों को मदद मिलेगी।

3. एचसीटी के योग्य छात्रों के लिए आईसीएआई की पेशेवर परीक्षा आयोजित करने में आईसीएआई तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।

4. एचसीटी के छात्रों और शिक्षकों के लिए सेमिनार एवं कार्यशालाएं आयोजित करने में आईसीएआई सहयोग करेगा।

5. आईसीएआई पारस्परिक सहमति के आधार पर विशेषज्ञताप्राप्‍त योग्‍य सहायक फैकल्‍टी मुहैया कराएगा।

6. आईसीएआई एचसीटी छात्रों के लिए प्रमाणन पाठ्यक्रम प्रदान करेगा।

7. आईसीएआई की पेशेवर एवं तकनीकी परीक्षाएं आयोजित करने के लिए एचसीटी सुविधाएं मुहैया कराएगा।

8. एचसीटी और आईसीएआई छात्रों एवं शिक्षकों के आदान-प्रदान कार्यक्रम को बढ़ावा देंगे।

9. यूएई में एचसीटी के विभिन्‍न कॉलेजों में व्यावसायिक विकास एवं तकनीकी कार्यक्रम, सेमिनार और सम्मेलन आयोजित करने में एचसीटी और आईसीएआई सहयोग प्रदान करेंगे। इस प्रकार के आयोजन के लिए एचसीटी जगह उपलब्‍ध कराएगा और अपने छात्रों एवं शिक्षकों को उसमें भाग लेने के लिए प्रोत्‍साहित करेगा।

10. यूएई में एचसीटी के सेंटर ऑफ एक्‍सीलेंस फॉर एप्‍लाइड रिसर्च एंड ट्रेनिंग (सीईआरटी) के जरिये अकाउंटिंग, फाइनैंस एवं ऑडिट के क्षेत्र में छोटे व्‍यावसायिक प्राठ्यक्रमों की पेशकश के लिए एचसीटी और आईसीएआई सहयोग करेंगें।

11. यह प्रस्ताव समानता, सार्वजनिक जवाबदेही और नवाचार पर लक्ष्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करता है।

पृष्‍ठभूमि:

आईसीएआई एक संवैधानिक संस्‍था है जिसकी स्‍थापना भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंसी के पेशे को विनियमित करने के उद्देश्‍य से भारतीय संसद में द चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एक्‍ट, 1949 नाम से पारित एक अधिनियम के तहत की गई है। एचसीटी यूएई अबू धाबी, अल ऐन, दुबई, फुजैराह, मदीनत जायद, रास अल खैमाह, रुवाइस और शारजाह में स्‍थापित 17 आधुनिक एवं प्रौद्योगिकी संपन्‍न परिसरों के 23,000 से अधिक छात्रों और 2,000 कर्मचारियों का एक समुदाय है जो इसे संयुक्‍त अरब अमीरात (यूएई) का सबसे बड़ा उच्‍चतर शिक्षा संस्‍थान बनाता है। एचसीटी अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर मान्‍यताप्राप्‍त तृतीयक शिक्षा प्रदान की दृष्टि के साथ सभी मान्‍यताओं एवं मूल्‍यों के लिए ईमानदारी से सम्‍मान करते हुए छात्रों को उच्‍चतम गुणवत्ता के तकनीकी एवं पेशेवर कार्यक्रम प्रदान करने के लिए समर्पित है। एचसीटी का मिशन आधुनिक राष्‍ट्र के निर्माण के लिए प्रमुख शिक्षा का एक आधारभूत स्‍तंभ बनना है।

आईसीएआई का मानना है कि आईसीएआई और एचसीटी, यूएई के बीच एमओयू के नवीनीकरण से यूएई में इस एमओयू के माध्‍यम से अकाउंटिंग, फाइनैंशियल और ऑडिट के क्षेत्र में ज्ञान के आधार को मजबूत बनाने के लिए साथ मिलकर काम किया जाएगा। एचसीटी के साथ 5 साल की अवधि के लिए इस एमओयू पर 4 जनवरी 2011 को हस्‍ताक्षर किया गया था।