Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

मंत्रिमंडल ने भारत और इस्राइल के बीच फिल्मों के सह-निर्माण के समझौते का अनुमोदन किया


प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत और इस्राइल के बीच फिल्म निर्माण से जुड़े एक समझौते को पूर्वव्यापी मंजूरी प्रदान की है। इस समझौते पर 15 जनवरी 2018 को नई दिल्ली में हैदराबाद हाउस में इस्राइल के प्रधानमंत्री श्री बेंजामिन नेतन्याहु के भारत दौरे के समय दोनों देशों ने हस्ताक्षर किए थे।

किसी अंतर्राष्ट्रीय पक्ष के साथ मिलकर किसी भारतीय फिल्म के सह-निर्माण का अर्थ है कि कोई भारतीय निर्माता अपनी फिल्म के लिए अंतर्राष्ट्रीय कोषों से धन प्राप्त कर सकता है और पटकथा, प्रतिभा तथा वितरण के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर साझेदारी कर सकता है। इस संधि के तहत सह फिल्म निर्माण से भारत और इस्राइल दोनों ही देशों में राष्ट्रीय स्तर पर फिल्म निर्माण की योग्यता प्राप्त हो जाएगी। इससे दोनों ही देशों को कलात्मक, तकनीकी, वित्तीय और विपणन संसाधनों काएक साझा रचनात्मक मंच प्राप्त होगा। सह-निर्माण से निर्मित फिल्म दोनों ही देशों में घरेलू फिल्म महोत्सवों में घरेलू श्रेणी में भागीदारी की योग्य होंगी साथ ही किसी भी ऐसी प्रोत्साहन राशि के योग्य होंगी जो कि फिल्म के निर्माण या निर्माण के बाद के लिए दोनों ही देशों में प्रदान की जाती है।

फिल्म सह-निर्माण समझौते पर हस्ताक्षर से दोनों ही देशों के नागरिकों के बीच कला एवं संस्कृति, सद्भावना निर्माण तथा बेहतर समझदारी को बढ़ावा मिलेगा और फिल्म निर्माण के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा। इस समझौते से कलाकारों, तकनीकी और गैर-तकनीकी लोगों को रोजगार प्राप्त करने में मदद मिलेगी।