पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज मध्य प्रदेश सरकार को अपने राज्य के गेस्ट हाउस के निर्माण के लिए नई दिल्ली के चाणक्यपुरी में डॉ. राधाकृष्णन मार्ग से लगे जीजस एंड मैरी मार्ग के टी-जंक्शन पर 1.478 एकड़ अथवा 5,882.96 वर्ग मीटर के प्लॉट नं. 29-सी और 29-डी को प्रचलित दरों पर आवंटन की निम्नलिखित शर्तों के साथ मंजूरी दी है:-
(i) मध्य प्रदेश सरकार आवंटित भूमि पर अपने स्टेट गेस्ट हाउस का निर्माण पूरा करने के बाद नई दिल्ली के चाणक्यपुरी में 2, गोपीनाथ बारदोलई मार्ग पर 0.89 एकड़ भूमि एलएंडडीओ/एमओएचयूए को सौंप देगी।
(ii) मध्य प्रदेश सरकार भू-क्षेत्र में 0.59 एकड़ के अंतर के लिए वर्तमान भूमि दरों पर भुगतान करेगी क्योंकि दोनों जमीन समान भूमि दर क्षेत्र में हैं।
(iii) मध्य प्रदेश सरकार पहले से ही कब्जे वाली 0.89 एकड़ भूमि के लिए वर्तमान भूमि दरों पर दखल शुल्क का तब तक भुगतान करेगी जब तक मध्य प्रदेश सरकार उसे एलएंडडीओ/एमओएचयूए को सौंप नहीं देती।
इस भूमि आवंटन से मध्य प्रदेश सरकार को अपनी वर्तमान एवं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ स्टेट गेस्ट हाउस का निर्माण करने में मदद मिलेगी।
मध्य प्रदेश सरकार अपने स्टेट गेस्ट हाउस के निर्माण के अलावा किसी अन्य उद्देश्य से इस भूमि का इस्तेमाल नहीं करेगी। जबकि भवन का निर्माण करते समय मध्य प्रदेश सरकार सभी मौजूदा निर्माण नियमों, मास्टर प्लान मानदंडों आदि का पालन करेगी।