पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज, नई दिल्ली और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज, ढाका, बांग्लादेश के बीच फैकल्टी आदान-प्रदान के समझौते को पूर्वव्यापी प्रभाव से मंजूरी प्रदान कर दी है।
इस करार का उदेश्य राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और सामरिक अध्ययन के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के लक्ष्य से दोनों देशों के राष्ट्रीय रक्षा कॉलेजों के बीच नियमित आदान-प्रदान कार्यक्रमों को स्थापित करना और इनके बीच संतुलित तंत्र बनाना है।
दोनों देशों की भौगोलिक और सांस्कृतिक निकटता के मद्देनजर, दोनों देशों के सामने एक जैसी कई चुनौतियां हैं, जैसे आतंकवाद पर काबू पाना जिसके लिए संयुक्त कार्रवाई की जरूरत होती है। इसलिए, सशस्त्र बलों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की जरूरत है प्रमुख संस्थाओं के संकाय सदस्यों के आदान-प्रदान से सशस्त्र बलों की क्षमताओं में एकरूपता लाने में सहायता मिलेगी और इससे एक समान खतरों और चुनौतियों पर काबू पाने और उनके प्रबंधन में योगदान होगा।
इस करार के माध्यम से सामरिक और संचालनात्मक अध्ययन से संबंधित सैन्य शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक फ्रेमवर्क की स्थापना की गई है।