पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने आज स्वास्थ्य और चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग पर भारत और उज्बेकिस्तान के बीच समझौता को अपनी स्वीकृति दे दी है।
समझौते में सहयोग के निम्नलिखित क्षेत्र कवर किए गए हैं –
1. चिकित्सा शिक्षा संस्थानों के शिक्षण और प्रयोगशालाओं के लिए उपयोगी उपकरण और फॉर्मास्युटिकल उत्पादों सहित चिकित्सा उपकरण के क्षेत्र में व्यावसायिक सहयोग के विकास के लिए अवसरों को बढ़ाना।
2. प्राथमिक स्वास्थ्य और सुविधाओं को मजबूत बनाना।
3. चिकित्सा और स्वास्थ्य अनुसंधान विकास और इन क्षेत्रों में अनुभवों का आदान-प्रदान करना।
4. टेलीमेडीसिन तथा इलेक्ट्रॉनिक स्वास्थ्य सूचना प्रणालियों के क्षेत्र में अनुभवों और प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान करना।
5. मातृ और शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा।
6. महामारी की निगरानी तथा संक्रमणकारी तथा गैर-संक्रमणकारी बीमारियों के नियंत्रण के लिए तकनीक और रणनीतियों का विकास और सुधार करना।
7. दवाओं और फॉर्मास्युटिकल उत्पादों का नियमन।
8. पारस्परिक हित में सहयोग के अन्य क्षेत्र।
सहयोग के विवरणों की व्याख्या तथा समझौता क्रियान्वयन की निगरानी के लिए एक कार्य समूह की स्थापना की जाएगी।