पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने माननीय सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (प्रधान पीठ), नई दिल्ली के आदेश का अनुपालन करते हुए भारतीय वायु सेना में एयर मार्शल के रैंक में 01 दिसंबर 2014 से 30 अप्रैल 2016 तक सत्रह महीने की अवधि के लिए अधिसंख्या (सूपर्नूमरेरी) पद के सृजन को अपनी मंजूरी दी है। इस अधिसंख्या पद का सृजन एयरोनाटिकल इंजीनियरिंग शाखा में एयर मार्शल की स्वीकृत संख्या के अतिरिक्त किया गया है ताकि माननीय सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (प्रधान पीठ), नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में रिव्यू स्पेशल प्रोमोशन बोर्ड-2014 की कार्यवाही के अनुसार एवीएम संजय शर्मा की पदोन्नति के लिए मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति की मंजूरी लेने के लिए मंत्रालय को समर्थ बनाया जा सके।
इस पद के सृजन से माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशों का निष्पादन सुनिश्चित होगा। इस पद की स्वीकृति और एसीसी द्वारा रिव्यू स्पेशल प्रोमोशन बोर्ड-2014 के अनुमोदन से एवीएम संजय शर्मा को अतीतलक्षी प्रभाव से 1 दिसंबर 2014 से एयर मार्शल के रैंक में पदोन्नति देने पर विचार किया जाएगा।