पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मुंबई में नौसेना बंदरगाह में रक्षा विभाग की 73 वर्ग किलोमीटर जमीन बृहणमुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बीईएसटी- बेस्ट) को लीज पर देने के फैसले की जानकारी दी गई। बीईएसटी को यह जमीन प्रति वर्ष 1 रुपया के किराये पर दिया गया है। बीईएसटी को दी गई जमीन की लीज अवधि एक साल के लिए होगी। आगे दो बार इसे 30-30 साल के लिए लीज पर दिया जाएगा। इससे यहां चौथे ट्रांसफार्मर को स्थापित करने का मौका मिलेगा। साथ ही यहां भूमिगत जल भंडारण टैंक भी बन सकेगा। नौसेना बंदरगाह पर पंप हाउस का भी निर्माण किया जाएगा ताकि निर्माणाधीन ड्राई डॉकयार्ड को पानी की आपूर्ति की जा सके।
ट्रांसफार्मर बेस्ट लगाएगी। इस पर उसी का खर्च होगा और इससे भारतीय नौसेना पर कोई वित्तीय प्रभाव नहीं पड़ेगा।
पृष्ठभूमि
इस समय निर्माणाधीन ड्राई डॉक (सूखा बंदरगाह) के लिए बिजली की आपूर्ति अपर्याप्त है। इससे वहां एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और पंप हाउस समेत भूमिगत जल भंडारण टैंक का निर्माण जरूरी है। इससे डॉकयार्ड भवन में अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित होगी। बेस्ट को 73 वर्ग मीटर जमीन लीज पर देने से वह यहां ट्रांसफार्मर स्थापित कर सकेगी और पंप हाउस समेत भूमिगत जल भंडारण टैंक का निर्माण कर सकेगी। जमीन की मिल्कियत नौसेना के पास ही रहेगी।
नौसेना के बंदरगाह को बिजली बेस्ट ही मुहैया कराती है। इस वक्त यहां मुख्य रिसीविंग सब-स्टेशन पर तीन ट्रांसफार्मर हैं। इसका रखरखाव भी बेस्ट ही करती है। बंदरगाह में इससे बिजली दी जाती है।