Search

पीएमइंडियापीएमइंडिया

न्यूज अपडेट्स

वर्ष 2016-17, 2017-18 और 2018-19 के दौरान कंट्रोल यूनिट्स, बैलेट यूनिट्स और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रायल यूनिट्स की खरीद योजना को कैबिनेट से मंजूरी


प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने निम्नलिखित वस्तुओं की खरीद के लिए चुनाव आयोग के प्रस्ताव को मंजूरी दी हैः

क. वर्ष 2016-17 के दौरान एम/एस भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और एम/एस इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड से 5,50,000 बैलेट यूनिट्स (बीयू) और 5,45,000 कंट्रोल यूनिट्स (सीयू) क्रमशः 77,007 रुपये और 93,007 रुपये प्रति इकाई के अस्थायी मूल्य पर।

ख. भविष्य में होने वाली खरीद की लागत घटाने के मद्देनजर अलग-अलग इकाइयों की लागत में उल्लेखनीय कमी लाने के विशेष उद्देश्य के साथ आरऐंडडी के लिए 25 करोड़ रुपये का आवंटन। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि वर्ष 2017-18 और 2018-19 के लिए बीयू और सीयू की खरीद योजना पर बाद में विचार किया जाएगा। इसी प्रकार, वर्ष 2016-17, 2017-18 और 2018-19 के लिए वोटर वेरिफिएबल पेपर आॅडिट ट्रायल यूनिट्स (वीवीपीएटी) की खरीद योजना पर बाद में विचार किया जाएगा।

इससे वर्ष 2000 से 2005 के दौरान खरीदी गई इलेक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीनों को चरणबद्ध तरीके से बाहर करने में मदद मिलेगी। साथ ही वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों की जरूरतों को पूरा करने के लिए चुनाव आयोग अपना स्टाॅक पूरा करने में समर्थ होगा।

पृष्ठभूमि

इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के प्रारंभिक प्रयोगात्मक उपयोग के बाद वर्ष 2004 के लोकसभा चुनावों से देशभर के सभी मतदान केंद्रों पर इसका प्रयोग किया जा रहा है। चुनाव आयोग के आदेश पर सार्वजनिक क्षेत्र के दो उपक्रमों, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, बेंगलूरु (बीईएल) और इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, हैदराबाद (ईसीआईएल) ने संयुक्त रूप से 1989 में ईवीएम विकसित किया था। सामान्य तौर पर ईवीएम में एक बैलेट यूनिट (बीयू) और एक कंट्रोल यूनिट (सीयू) होते हैं, लेकिन जब उम्मीदवारों की संख्या 16 से अधिक होती है तो उसके सीयू से एक अन्य बीयू को जोड़ा जा सकता है। एक सीयू से अधिकतम चार बीयू को जोड़ा जा सकता है।