पीएमइंडिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल को शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए वाह्य अंतरिक्ष के उपयोग और अन्वेषण में सहयोग पर भारत और वियतनाम के बीच फ्रेमवर्क समझौते से अवगत कराया गया। इस फ्रेमवर्क समझौते पर 3 सितंबर 2016 को हस्ताक्षर किए गए थे।
यह फ्रेमवर्क समझौता अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पृथ्वी के सुदूर संवेदन, उपग्रह संचार एवं उपग्रह आधारित नेविगेशन, अंतरिक्ष विज्ञान एवं ग्रहों के अन्वेषण, अंतरिक्ष यान व अंतरिक्ष प्रणाली व ग्राउंड सिस्टम के उपयोग एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोग सहित तमाम अनुप्रयोगों में संभावित हित क्षेत्रों को आगे बढ़ाने में समर्थ होगा।
इस फ्रेमवर्क समझौते के माध्यम से वियतनाम के साथ सहयोग से मानवता के लाभ के लिए अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोग के क्षेत्र में संयुक्त गतिविधियों के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
यह फ्रेमवर्क समझौता पृथ्वी के सुदूर संवेदन, उपग्रह संचार, उपग्रह नेविगेशन, अंतरिक्ष विज्ञान एवं वाह्य अंतरिक्ष के अन्वेषण के क्षेत्र में नई अनुसंधान गतिविधियों और अनुप्रयोग की संभावनाओं का पता लगाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।