Search

News Updates

PM’s address at the Kisan Tak Bharat Agriculture Conference

PM's address at the Kisan Tak Bharat Agriculture Conference


आप सबको भी दीपावली के इस पावन पर्व की और छठी मैया का भी कार्यक्रम होने जा रहा है, उन सबके लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप सबको नमस्कार।

इंडिया टुडे ग्रुप के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ श्रीमान अरुण पुरी जी, इस कार्यक्रम में देशभर से आए कृषि वैज्ञानिक, कृषि उद्यमी, अन्नदाता साथी, अन्य महानुभाव देवियों और सज्जनों।

सबसे पहले इस अभिनव प्रयास के लिए मैं इंडिया टुडे ग्रुप का हृदय से अभिनंदन करता हूं। जब देश ने स्वच्छता का अभियान शुरू किया था, तो इंडिया टुडे ग्रुप ने इसमें काफी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। अब ये ‘किसान मेला’ आपने आयोजित किया है, और पूरे 2 दिन इसके लिए समर्पित किए हैं, ये एक बहुत सकारात्मक शुरुआत है। मैं आप सभी को बधाई देता हूं, और अरुण जी इतनी बढ़िया हिंदी बोलते हैं, इसकी डबल बधाई।

साथियों,

ये आयोजन ऐसे समय में हो रहा है, जब देश में उत्सवों का माहौल है। दो-तीन दिन पहले हमने दीपावली का त्योहार मनाया, अब छठ महापर्व की छठा छाई है। छठ का पर्व कृषि जीवन से बहुत गहराई से जुड़ा हुआ है, और हमारे यहां तो अधिकतर त्योहार खेती और किसानी से जुड़े रहते हैं। बीहू, पोंगल, ओणम, बैसाखी, सरहुल, पोला, ऐसे अनेक त्योहार खेती से जुड़े हैं। यानी खेती-किसानी हमारी संस्कृति है, हमारी परंपरा है, हमारे सामाजिक जीवन का आधार है।

साथियों,

मैंने लाल किले से विकसित भारत के लिए शक्ति की सप्तधारा पर चर्चा की थी, और इसमें प्रमुख धारा कृषि की है। विकसित भारत का निर्माण खेती को विकसित किए बिना, खेती को और स्मार्ट बनाए बिना, किसान को सशक्त किए बिना संभव ही नहीं है। और इसलिए, इस तरह के किसान सम्मेलनों का महत्व बहुत बढ़ जाता है।

साथियों,

खेती और देश की प्रगति में क्या संबंध है, इसको आप दो और महत्वपूर्ण फैक्ट्स से समझ सकते हैं। अभी गरीबी को लेकर वर्ल्ड बैंक की एक स्टडी आई है, जिस पर पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। उसमें बताया गया है कि सिर्फ 12-13 वर्षों में ही, भारत के 50 करोड़ गरीबों ने, गरीबी को परास्त किया है। इसमें ये भी बताया गया है कि गांवों में बहुत तेज़ी से गरीबी कम हुई है। यानि, बड़ी संख्या में छोटे किसान ने, खेत मजदूर ने गरीबी को हराया है। अब संयोग देखिए, बीते दशक में भारत में कृषि की विकास दर 4 परसेंट से ऊपर रही है। ये आज़ादी के बाद पहला दशक है, जब देश के एग्रीकल्चर सेक्टर ने 4 परसेंट से अधिक की औसत ग्रोथ हासिल की है, आजादी के बाद पहली बार। और इसी दौरान गांवों में बड़ी संख्या में गरीबों ने गरीबी को परास्त किया है। लेकिन दुर्भाग्य से खबरों के एंगल और एंजेडा में फंसे लोगों को देश की ये उपलब्धि नजर नहीं आती।

साथियों,

खेती करने वाले और खेती से जुड़े एक्सपर्ट्स जानते हैं कि खेती से जुड़ी नीतियों में, तौर-तरीकों में निरंतर परिवर्तन कितना आवश्यक है। जिन्होंने दशकों तक सरकारें चलाईं, वे अपने दौर में सिर्फ इतने से ही संतुष्ट हो गए कि देश के किसानों ने अनाज के भंडार भर दिए, लेकिन इसके बाद किसानों को क्या मिला? अन्न के गोदाम भरना ही काफी नहीं होता। समय के साथ दुनिया बदली, बाज़ार बदले, लोगों की जरूरतें, खान-पान सब बदले, मौसम बदला, टेक्नोलॉजी बदली। इस बदलाव के साथ हमें अपने किसानों को नए सिरे से सशक्त करना था, लेकिन पहले इस पर भी ध्यान नहीं दिया गया।

साथियों,

बीते एक दशक में देश ने इस रफ्तार को मैच करने के लिए कदम उठाए, और नतीजा हम सभी के सामने है। आज भारत हर साल चार लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट कर रहा है, और ये पैसा हमारे किसानों की आय बढ़ा रहा है। आज भारत दूध उत्पादन में, दुनिया में नंबर वन है। आज भारत दालों के उत्पादन में नंबर वन है। भारत जूट के उत्पादन में नंबर वन है। चावल की प्रोडक्शन में भी भारत नंबर वन हो गया है। गेहूं के उत्पादन में दुनिया में नंबर टू है। कपास, फल और सब्जियों के उत्पादन में दुनिया में नंबर टू है। मछली उत्पादन में दुनिया में नंबर टू है, और Millets के उत्पादन में भी भारत दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक है। ये केवल कुछ आंकड़े नहीं हैं, ये दिखाते हैं कि भारत के किसानों का सामर्थ्य कितना बढ़ा है।

साथियों,

भारत के किसानों की समृद्धि के लिए एक और बात जरूरी है, ये जरूरी है कि वो सिर्फ गेहूं-चावल और गन्ने, मैं दोबारा कहता हूं किसान भाइयों को गेहूं-चावल और गन्ने, जैसी पारंपरिक फसलों पर निर्भर ना रहें। इसलिए सरकार अन्य फसलों पर और खेती से जुड़े अन्य कार्यों पर भी बल दे रही है। इंडिया टुडे ग्रुप को, ऐसे ही याद दिला रहा हूं, रिवॉल्यूशन शब्द, क्रांति, इससे जरा इंडिया टुडे ग्रुप को बहुत प्रेम है और इसलिए मैं अब कुछ रिवॉल्यूशन की चर्चा कर रहा हूं।

साथियों,

एक समय था, जब देश ने Green Revolution के जरिए खाद्यान्न उत्पादन में, आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया था। उसके बाद White Revolution ने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा milk producer बना दिया। आज मैं आपको कुछ और आंकड़े दूंगा, जो बताते हैं कि ये यात्रा अब बहुत बुलंद तरीके से आगे बढ़ रही है। पिछले एक दशक में भारत का दूध उत्पादन करीब 70 परसेंट बढ़ा है, 70 प्रतिशत बढ़ा है। अंडे, Egg production में भी करीब 90 प्रतिशत वृद्धि हुई है, 90 परसेंट। और Blue Revolution की बात करें, तो भारत का fish production एक दशक में दोगुना से भी अधिक हो गया है। Beekeeping के क्षेत्र में Sweet Revolution से नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। शहद का उत्पादन करीब 80 हजार टन से बढ़कर डेढ़ लाख टन हो गया है। Horticulture में भी भारत अब 280 मिलियन टन से बढ़कर 350 मिलियन टन से अधिक उत्पादन कर रहा है।

साथियों,

जब हम इन सभी revolutions को एक व्यापक vision से जोड़ते हैं, तो देश के किसानों के लिए Multiple Sources of Income तैयार होती है, और ये भविष्य की खेती के लिए बहुत आवश्यक है। मैं आपको एक और उदाहरण देता हूं। एक और रिवॉल्यूशन, सोलर पावर क्रांति। इस क्रांति ने देश के अन्नदाता को ऊर्जादाता बना दिया है। पीएम कुसुम योजना के तहत अभी तक करीब 12 लाख सोलर पंप दिए जा चुके हैं। इससे किसान का बिजली बिल भी कम हो रहा है और किसान अपने खेत में सोलर प्लांट लगाकर बिजली से कमाई भी करने लगे हैं। हमने खेती में Production के साथ-साथ Productivity और किसान के profit पर भी ध्यान दिया है।

साथियों,

हाल में ही मुझे सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे हुए हैं। जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब भी खेती-किसानी को आधुनिक बनाने के लिए मैं लगातार काम करता था। मैंने तब वहां बड़े-बड़े कृषि महोत्सवों की शुरुआत की थी, मुझे याद है, मई-जून में 40-45 डिग्री तापमान में सैकड़ों कृषि वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ, progressive किसान, सारे लोग मिलकर के हम किसान रथ बनाते थे, उस रथ में निकलते थे। और गांव में भी, खेत में जाते थे, किसानों के खेतों में जाकर के किसानों से बात करते थे। उस क्षेत्र की मिट्टी कैसी है, पानी की उपलब्धता कैसी है, वहां कौन-सी फसल अच्छी हो सकती है, किस तरह की खेती की जरूरत है, ऐसी हर चीज पर किसानों के साथ सीधा संवाद होता था। हमारा प्रयास था कि वैज्ञानिकों की लैब में जो ज्ञान है, वह किसान के खेत तक सीधे पहुंचे। यानि हम लैब टू लैंड का कॉन्सेप्ट लेकर चले और इसका बहुत बड़ा फायदा गुजरात के किसानों को मिला।

साथियों,

गुजरात के दिनों का वो अनुभव मुझे केंद्र सरकार में आने के बाद बहुत काम आया है। साल 2014 में, देश में कुछ सौ सॉयल टेस्टिंग लैब्स थे। आज इनकी संख्या बढ़कर 8 हजार 400 से ज्यादा हो चुकी है। मेडिकल साइंस में जिस प्रकार से पैथोलॉजी की लैबें खुल रही हैं, आज सॉयल टेस्टिंग की लैब्स खुल रही हैं। आज देश में सवा सात सौ से अधिक कृषि विज्ञान केंद्र हैं। पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए भी हम प्राथमिकता दे रहे हैं। Foot and Mouth Disease- खुरपका-मुंहपका इससे पशुओं के बचाव के लिए 8 करोड़ से अधिक किसानों के पशुओं को मुफ्त टीके लगाए गए हैं। हमने कोविड में मुफ्त टीके लगाए, उस पर तो सबका ध्यान है, लेकिन ये मोदी है पशुओं को भी टीके मुफ्त में लगाता है।

साथियों,

अक्सर कुछ पुरानी सोच के लोगों को लगता है कि हमारे गांवों में भारी भरकम टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हो ही नहीं पाएगा। ऐसे लोगों को नमो ड्रोन दीदियों ने गलत साबित कर दिया है। मैं एक बार VC पर सभी ड्रोन दीदी से बात कर रहा था, तो एक गांव में शायद झारखंड कि वह बेटी थी, उससे मैं बात कर रहा था, उसने मुझे कहा कि अब तो मेरा रुतबा बदल गया है, मैंने कहा क्यों? बोली पूरा गांव मुझे पायलट कहता है और मेरे घर में भी मेरे देवर पायलट भाभी करके बुलाते हैं। यानी, क्या आत्म सम्मान बढ़ जाता है जी। अभी नमो ड्रोन दीदीयां, ड्रोन का उपयोग खाद और कीटनाशक के छिड़काव में कर रही हैं।अब इसके उपयोग का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है।

साथियों,

आज का भारत खेती में इंजीनियरिंग की भूमिका को भी विस्तार दे रहा है। हमारे कृषि वैज्ञानिक, इंजीनियर और युवा मिलकर ऐसे उपकरण और मशीनें विकसित कर रहे हैं, जो खेती का खर्च कम कर रही हैं। कहीं ऐसी मशीनें बन रही हैं, जो बुआई और कटाई का काम आसान कर रही हैं, और मैं जो उद्योग जगत के लोग यहां हैं, जो मैन्युफैक्चरिंग में खास करके किसानों के लिए साधन बनाते हैं, स्टार्टअप वालों से भी मैं आग्रह करूंगा कि अब आप जो भी इक्विपमेंट बनाएं, वो सोलर पावर से चलने वाले बनाएं, क्योंकि हम हर खेत में सोलर पावर पहुंचने वाले हैं। अभी से आप जैसे इलेक्ट्रिक व्हीकल की तरफ दुनिया दौड़ पड़ी है, मैं खेती में उपयोग में आने वाले हर प्रकार के औजार सोलर पावर से चलने वाले बनाने के पक्ष में हूं, और उसकी दिशा में, मैं काफी प्रयास भी कर रहा हूं। लेकिन मैं सभी MSMEs को, स्मॉल स्केल्स इंडस्ट्रीज को कहूंगा कि आप इस पर बल दीजिए, यह बहुत बड़ा revolution का क्षेत्र बनने वाला है। इतना ही नहीं, अब सेंसर आधारित, AI टेक्नोलॉजी से लैस ऐसे उपकरण भी बन रहे हैं, जो किसान को सटीक जानकारी दे सके और जो छोटे से छोटे किसानों की भी पहचान में हो। अब सॉयल टेस्टिंग के लिए मोबाइल पर उस व्यवस्था बना रही है कि मोबाइल फोन पर आप मिट्टी थोड़ी डाल दीजिए, आपके मोबाइल फोन तुरंत रिपोर्ट दे देता है कि आपकी मिट्टी किस फसल के लिए जरूरी है, आपको कितने फर्टिलाइजर की, किस प्रकार के फर्टिलाइजर की जरूरत है। यानी, कितनी तेजी से बदलाव आ रहा है। यानि आज भारत में एग्री इंजीनियरिंग से लेकर एग्री-स्टार्टअप्स तक अवसर ही अवसर हैं। हमें अपने अन्नदाता को एग्री-प्रन्योर यानि कृषि-उद्यमी बनाना है। जहां उपज होती है, वहीं पर वैल्यू एडिशन कैसे हो, इस पर अब देश में तेजी से काम चल रहा है।

बीते वर्षों में छोटे किसानों ने सरकार के साथ मिलकर 10 हज़ार FPO यानि किसान उत्पादक संघ का बड़ा नेटवर्क बनाया है। जो छोटे किसानों के समूहों को भी वैल्यू क्रिएटर बना रहा है, उन्हें फूड प्रोसेसिंग बिजनेस से जोड़ रहा है, मुझे एक घटना बराबर याद है, गुजरात के समय की। गुजरात में ज्योतिग्राम योजना आई। हमने एग्रीकल्चर के फीडर अलग किए, डोमेस्टिक के फीडर अलग किए और किसानों को जितनी बिजली दे सकता था, देने लगा। तो किसानों को बहुत सुविधा हो गई। तो गांधीनगर के बगल में कुछ गांव है, जो ज्यादातर मिर्ची की खेती करते हैं। लेकिन किसान को यह मुसीबत रहती है कि अगर ज्यादा फसल हो जाए, तो दाम गिर जाते हैं, कम फसल हो जाए तो कमाई नहीं होती। उसको दोनों तरफ मार पड़ती है। अब मिर्ची बहुत पैदा हो जाए तो बिकती नहीं है, करें क्या? लेकिन ज्योतिग्राम योजना से, बिजली आने से उन्होंने मिर्ची को रेड मिर्ची में कन्वर्ट करना और उसका पाउडर बनाना पाउडर बना के पैकेजिंग करना और किसी नटनटी के द्वारा उसकी फोटो निकलवा करके, एडवर्टाइजिंग कर करके, वो बहुत बड़ी मात्रा में मिर्ची का पाउडर बेचने वाले बहुत बड़े वैल्यू एडिशन करके कमाई करने वाले लोग बन गए। यानी जो कभी मिर्ची का दाम मिलता नहीं था, वो इनके ब्रांड बन गए। यानी एक-एक चीज के पीछे जब कोई ध्यान देता है और छोटे किसानों को एक्सपोर्ट मार्केट से कनेक्ट करने का भी प्रयास बहुत तेजी से चल रहा है।

साथियों,

हमारी नीति, हमारी नीयत एकदम साफ है। किसान पर खेती का बोझ ना हो, ये हमारी प्राथमिकता है। किसान को सस्ती खाद मिले, इसके लिए बीते 12 वर्षों में देश ने 16 लाख करोड़ रुपए खर्च किए हैं, ये आंकड़ा बहुत बड़ा है साथियों, 16 लाख करोड़ दुनिया के कई देशों का बजट नहीं होता है। ईरान और खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के बीच DAP खाद की जो बोरी 5 हज़ार रुपए की है, वो भारत के किसानों को सिर्फ 1300 रुपए की उपलब्ध कराई जा है। यूरिया की जो बोरी इंटरनेशनल मार्केट में तीन हज़ार रुपए की है, वो 300 रुपए से भी कम में भारत के किसान को दी जा रही है।

साथियों,

मैं एक और विषय का जिक्र करूंगा और इस विषय पर मैंने पहले भी बात कही है। ये आपके नेटवर्क के लिए वैसे आज मैं जब कह रहा हूं, एक्सक्लूसिव है।

साथियों,

पश्चिम एशिया में जब युद्ध का संकट बढ़ रहा था, तो कच्चे तेल की कीमतें कुछ ही हफ्तों में 70 डॉलर से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं थी। तब भारत के सामने भी एक बड़ी चुनौती थी। भारत के सामने मजबूरी थी कि कम से कम 50 रुपए प्रति लीटर डीजल के दाम बढ़ाए जाएं, एक लीटर डीजल पर 50 रूपया बढा़ने की जरूरत पड़ गई थी। और तब सरकार ने अपने किसानों के हित में निर्णय लिया। हमने तय किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार के झटके का पूरा बोझ देश के नागरिकों पर, किसानों पर नहीं डाला जाएगा। सरकार ने डीजल के दाम सिर्फ 7 रुपए प्रति लीटर बढ़ाए, जबकि बढ़ाने की जरूरत थी 50 रूपये, और 43 रुपए प्रति लीटर का बोझ खुद उठाया। हमारे आसपास के देशों में भी तब डीजल के दाम 40 से 50 परसेंट तक बढ़ गए थे। लेकिन भारत में ऐसा नहीं हुआ। तब से लेकर आजतक सरकार हर महीने 14 हजार करोड़ रुपए का नुकसान उठा रही है, हर महीने, लेकिन हमने देश के किसानों पर आंच नहीं आने दी है। जब देश के किसानों का हित सर्वोपरि हो, जब नागरिक देवो भव का भाव हो, तो ऐसे ही संवेदनशील निर्णय होते हैं।

साथियों,

देशहित की इतनी सारी बातों के बीच आजतक के लोग ये सोच रहे होंगे कि कोई नेगेटिव हेडलाइन मिली ही नहीं, तो अब थोड़ी चर्चा हेडलाइन के लिए भी होनी चाहिए। अब तक मैं कंट्री की बात कर रहा था, तो शायद मीडिया का उतना ध्यान नहीं गया होगा, इसलिए अब कंट्रोवर्सी की बात करता हूं।

साथियों,

आजकल कुछ लोग संविधान को अपनी जेब से निकालते हैं, देश कितना समझदार है। और ये सोचते हैं कि देश का संविधान, देश का लोकतंत्र तो उनकी जेब में है। सरकार में ना रहते हुए भी यह सत्ता का अलग ही नशा है उनको। लेकिन जब यह लोग खुद सत्ता में थे, तो उनके कारनामे कैसे थे, मैं इसके लिए आपको एक छोटा सा किस्सा सुनाता हूं।

साथियों,

आपको याद होगा एक जमाने में आप मीडिया के लोग बेस्ट परफॉर्म करने वाले राज्यों की रैंकिंग करते थे। ऐसा ही इकोनमी से जुड़ी एक रैंकिंग में गुजरात नंबर वन आया और तब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, और जिस संस्था ने गुजरात को नंबर वन रैंकिंग दी थी, उसका नाम देश के पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर था, इतना ही हिंट काफी है, बाकी आप नाम तो खोज ही लेंगे। ये रैंकिंग देश के प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों की रिसर्च के आधार पर दिया था। लेकिन तब दिल्ली की सत्ता पर काबिज लोगों को गुजरात का सम्मान रास नहीं आया और उन्होंने रिसर्च करने वालों को बाकायदा आदेश दिया कि ऐसे नहीं चलेगा, अब कोई भी रिपोर्ट छापने से पहले हमसे मंजूरी लेनी होगी।

साथियों,

तब यह हालत थी और आज वही लोग सहिष्णुता और लोकतंत्र को लेकर ज्ञान देते फिरते हैं। और यह कब की घटना थी? इसके बाद क्या हुआ था? यह आप रिसर्च करके निकाल ही लेंगे। मैं अपनी बात समाप्त करने की तरफ बढ़ता हूं।

साथियों,

निश्चित तौर पर बीते वर्षों में देश के किसानों की सिद्धियां बहुत बड़ी रही हैं। विकसित भारत बनाने के लिए अब अपने प्रयासों को हमें और बड़ा करना है। हमें एक ऐसा भविष्य बनाना है, जहां किसान खुशहाल हो, गांव समृद्ध हो, खेती आधुनिक और लाभकारी हो। मुझे विश्वास है कि आपका यह मंथन देश के काम आएगा। यहां से जो बेहतर सुझाव और समाधान निकले हैं, उन पर सरकार भी काम करेगी। और मैं जब आपके बीच आया हूं, तो मैं जरूर आप लोगों से एक आग्रह करना चाहूंगा। अभी प्रारंभ में अंजना जी अपनी परिचयात्मक बात में कह रही थी कि किसान दो बातों से जुड़ा है, अन्नदाता और धरती माता। मैं मेरे किसान भाई-बहनों से कहना चाहता हूं, क्या हम अपनी इस धरती मां की रक्षा कर रहे हैं? जरा सीने पर हाथ रख के पूछिए? हम जिस प्रकार से केमिकल का उपयोग करके धरती मां का विनाश कर रहे हैं, इस मां की हम संतान हैं। हम अपनी इस मां को, अपनी आंखों के सामने मार रहे हैं। अगर हम समय से पहले नहीं जगे, अगर हमने अपनी धरती मां को बचाने के लिए प्रयास नहीं किया, जो मां आज हमारा पेट भरती है, वो मां शायद हमारे हाथों से हमें छोड़ दे, ऐसी स्थिति बन जाएगी। और इसलिए सरकार ने प्राकृतिक खेती पर बल दिया है, नेचुरल फार्मिंग पर बल दिया है। जिन लोगों ने नेचुरल फार्मिंग पर प्रयोग किए हैं, बहुत सफल रहे हैं। एक गाय, एक गाय 30 एकड़ भूमि में नेचुरल फार्मिंग के लिए सफिशिएंट खाद दे देती है, कोई केमिकल की requirement नहीं होती है। यहां आज आपकी डिबेट में बहुत से ऐसे विषय निकले होंगे और इसलिए मैं सभी किसानों से आग्रह करूंगा कि हम केमिकल फ्री, रसायनों से मुक्त खेती की तरफ चले। मैं आपको organic farming की बात नहीं कर रहा हूं, मैं नेचुरल फार्मिंग की बात कर रहा हूं और ये हर किसान सहजता से कर सकता है। हम केमिकल से मुक्त, हम अपनी जमीन को बचाने के लिए कदम उठा सकते हैं। हमारे किसान भाई-बहनों का एक प्रॉब्लम है, वो जब तक खुद देखता नहीं है, तब तक चीज को स्वीकार नहीं करता, कितने भी लंबे भाषण करो, किसान किसी की बात मानता नहीं है, वो देखेगा तब मानेगा। वरना उसके दिमाग में तो यही रहता है, पीला पाउडर डालना है, हरी बोतल डालनी है, हरा डिब्बा डालना है, लाल डिब्बा लाना है, वो पड़ोस वाला दो डिब्बा लाया, मैं दो डिब्बा लाऊंगा, वो चार बोरी लाया, मैं चार बोरी लाऊंगा, इसी में लगा रहता है। यह हम सबका दायित्व है और प्रगतिशील किसानों का विशेष दायित्व है कि हम उसे इससे बचाएं, उसे बाहर निकाले और केमिकल फ्री नेचुरल फार्मिंग करके सबसे पहला काम है हम अपनी धरती माता को बचाएं। यह मां हमें सब कुछ देने के लिए सक्षम है, हमें कभी भी कमी महसूस नहीं होने देगी, अगर हम उस मां की हिफाजत करें और हम धरती माता के संतान हैं। हमारा दायित्व है कि हम इस दायित्व को एक पुत्र के नाते, धरती माता के पुत्र के नाते निभाएं, बेटे-बेटी के नाते निभाएं। इसी भरोसे के साथ आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इंडिया टुडे ग्रुप को मेरी तरफ से बहुत बधाई है। एक ऐसा काम किया है, जो आने वाले दिनों में देश को बहुत मदद करेगा।

बहुत-बहुत धन्यवाद।