बेंगालूरिना नन्ना सोदारा सोदरियारिगे,नमस्कारगलु! कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव जी, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार जी, राज्य सरकार के मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा जी, लोकसभा में मेरे साथी बेंगलुरू से एक तेजस्वी युवान को भेजा है ऐसे तेजस्वी सूर्या जी, उपस्थित अन्य महानुभाव देवियों और सज्जनों।
हमारे गवर्नर सुधा यादव जी के साथ मुझे ये पहला कार्यक्रम मंच पर शेयर करने का अवसर आया है। शायद कर्नाटक के लोगों को उनका पूरा परिचय अभी नहीं होगा। लेकिन मैं जरूर कहना चाहूंगा उनके जीवन के विषय में, देश सेवा क्या होती है? देश के लिए समर्पण क्या होता है? वो सुधा जी के और सुधा जी के परिवार के जीवन से हम जान सकते हैं। जब कारगिल की लड़ाई हो रही थी, उनके पति इस युद्ध में शहीद हुए थे, और उसके बाद भी उन्होंने मां भारती की सेवा करने का अपना प्रण अपने पति की याद में आज तक वो सेवा भाव से काम कर रही हैं। अनेक वर्ष संसद में रहकर के उन्होंने देश के अनेक विषयों में मार्गदर्शन किया और आज कर्नाटक की धरती से वो कर्नाटक के लोगों के सुख शांति समृद्धि के लिए अपना योगदान दे रही है। मैं सुधा जी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
सबसे पहले मैं बेंगलुरु की अधिष्ठात्री देवी अन्नम्मा ताई, और नाड-प्रभु केम्पेगौड़ा जी को श्रद्धापूर्वक प्रणाम करता हूं। आज का ये दिन, बेंगलुरु की,कर्नाटक की विकास यात्रा को एक नई गति देने वाला है। आज यहां से कनेक्टिविटी और एनर्जी सिक्यॉरिटी से जुड़े, 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स शुरू किए जा रहे हैं। मेट्रो और रेल से जुड़े प्रोजेक्ट्स से लेकर, एनर्जी सिक्यॉरिटी के काम तक भी, ये सभी प्रोजेक्ट्स कर्नाटक के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ताकत देने वाले हैं।
साथियों,
किसी भी देश की विकास यात्रा में इंफ्रास्ट्रक्चर की बहुत बड़ी भूमिका होती है। बेहतर कनेक्टिविटी तरक्की, रोजगार और उद्योग सबकी नई संभावनाएं बनाती है। और जब विकास के ये अवसर समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई भी मजबूत होती है। इसी का परिणाम है कि बीते वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ नागरिक भीषण गरीबी से बाहर आए हैं। आज शुरू हो रहे ये प्रोजेक्ट्स भी इसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने वाले हैं। ये विकसित कर्नाटक और विकसित कर्नाटक से विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे। साथ ही, टेक सिटी के रूप में बेंगलुरु की पहचान को और सशक्त करेंगे। मैं इन सभी प्रोजेक्ट्स के लिए कर्नाटक की जनता को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।
साथियों,
अब से कुछ देर पहले ही, बेंगलुरु मेट्रो की नई पिंक लाइन को, बेंगलुरु वासियों के लिए डेडिकेट किया गया है। इस नई मेट्रो लाइन के साथ, आईआईएम बेंगलुरु और अनेक शिक्षण संस्थानों की कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी। इसके अलावा कई ऐसे इलाके भी मेट्रो से कनेक्ट होंगे, जो बेंगलुरु के बड़े बिजनस, टेक्नोलॉजी और कॉमर्शियल सेंटर के रूप में जाने जाते हैं। यानी बेंगलुरु के लाखों लोगों को ना सिर्फ आने जाने की सहूलियत होने वाली है, बल्कि उनके पैसे और समय की भी बचत होगी।
साथियों,
कल ही स्वर्गीय अनंत कुमार जी की पुण्य तिथि थी। उनका इस क्षेत्र से विशेष लगाव था। आज ये मेट्रो लाइन देख उनकी आत्मा भी प्रफुल्लित हुई होगी। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
साथियों,
बेंगलुरु भारत की Silicon Valley है। देश के IT Exports में इसका एक-तिहाई से अधिक योगदान है। ये शहर, भारत की Innovation और Economic Growth का एक बड़ा इंजन है। इसलिए,पूरे बेंगलुरू रीजन का तेज़ विकास और आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का विस्तार केंद्र सरकार की बड़ी प्राथमिकता है। इसी सोच के साथ केंद्र सरकार नम्मा मेट्रो के विस्तार में सहयोग कर रही है। वर्ष 2014 में नम्मा मेट्रो, सिर्फ सेवन्टीन किलोमीटर की ही थी। आज इसका टोटल नेटवर्क, 100 किलोमीटर से ज्यादा का हो गया है। हम लगातार century लगा रहे हैं। शिव कुमार मैं बता रहा था। आपने अभी थोड़े दिन पहले सुना होगा, ग्रैंड मास्टर्स चेस में भारत ने सेंचुरी लगाई। भारत में 100 चेस के ग्रैंड मास्टर हो गए हैं और इसी कालखंड में हुए हैं।
साथियों,
दिल्ली-NCR और मुंबई-मेट्रोपॉलिटन रीजन के बाद, बेंगलुरू, देश का तीसरा शहर बना है, जहां मेट्रो नेटवर्क की सेंचुरी लगी है। नम्मा मेट्रो की ये सफलता, केवल एक प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं है। ये ईज़ ऑफ लिविंग को लेकर, ईज़ ऑफ ट्रैवल को लेकर, देश की नई सोच का परिणाम है। ये मिडिल क्लास परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए, देश के कमिटमेंट का नतीजा है।
साथियों,
आज भारतीय रेल, गुलामी के दौर की पुरानी सोच को पीछे छोड़ रहा है। देश की रेल, अब नई विरासत, नई लीगेसी बना रही है। हमारे रेलवे स्टेशन्स, हमारे रेल इंजन्स और फिर रेल कोच, हर चीज पर अब भारत की अपनी छाप, अपनी पहचान है। वंदे भारत ट्रेन या अमृत भारत स्टेशन्स, ये विकसित भारत की रेल सेवा की एक झांकी हैं। कर्नाटक के भी सिक्सटी से ज्यादा रेलवे स्टेशनंस चामराजनगर, चिक्कमंगलूरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड स्टेशन्स, ये भी अब अमृत भारत स्टेशन्स हो चुके हैं। इन स्टेशन्स में संवेदनशीलता भी है, और आधुनिकता भी है। बुजुर्ग हों, दिव्यांग हों, ऐसे हर साथी के लिए विशेष सुविधाएं हैं। जो सुविधाएं पहले एयरपोर्ट्स में मिलती थीं, अब वही सुविधाएं रेलवे स्टेशन्स पर, गरीब और मिडिल क्लास परिवारों को देने का प्रयास हो रहा है।
साथियों,
बीते 10-12 वर्षों में भारत का रेलवे बजट कई गुणा बढ़ा है। इस दौरान जैसा अभी तेजस्वी जी ने बताया, कर्नाटक के रेल बजट में भी 9 गुणा की वृद्धि हुई है। आज भी, रेलवे के 4 अमृत स्टेशन, दोहरीकरण और बिजलीकरण के दो प्रोजेक्ट्स कर्नाटक को मिले हैं। कुछ दिन पहले कर्नाटक को राज्य की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली थी, और आज कर्नाटक को गोवा से जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन मिली है। इस ट्रेन से कर्नाटक, मेंगलुरू समेत पूरे कोस्टल रूट के साथियों को, सेमी-हाईस्पीड ट्रेन का नया एक्सपीरियंस मिलेगा।
साथियों,
विकसित भारत के निर्माण में, कनेक्टिविटी के साथ-साथ एनर्जी सिक्योरिटी की भी बड़ी भूमिका है। ईरान और खाड़ी देशों के आसपास चल रहे युद्ध ने, ये दिखाया है कि एनर्जी सिक्योरिटी कितनी जरूरी है। भारत के लिए भी यह चुनौतीपूर्ण समय रहा है, लेकिन बीते दशक में ऊर्जा सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों ने, हमें इस संकट का मजबूती से सामना करने में मदद की है। हमने पेट्रोल-डीजल और एलपीजी उत्पादन की क्षमता बढ़ाई, कच्चे तेल के भंडारण की व्यवस्था विकसित की, सोलर, हाइड्रो और विंड एनर्जी का विस्तार किया, रेलवे का लगभग शत-प्रतिशत बिजलीकरण किया, और मेट्रो जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत बनाया। आज कर्नाटक में भी जिन तीन प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है, वे भी भारत की एनर्जी सिक्योरिटी को नई ताकत देंगे। मेंगलुरु का LPG Project, देश में 80 हजार मीट्रिक टन एलपीजी भंडारण की क्षमता बढ़ाएगा। देवनगोंदी Marketing Terminal, पेट्रोल, डीजल और एविएशन फ्यूल की सप्लाई को अधिक व्यवस्थित और भरोसेमंद बनाएगा। वहीं, बेंगलुरु का CBG प्लांट, हर दिन करीब 13 टन बायोगैस तैयार करेगा। इससे वेस्ट मैनेजमेंट बेहतर होगा, नैचुरल गैस के इंपोर्ट पर खर्च होने वाले पैसे भी बचेंगे।
साथियों,
एनर्जी सिक्योरिटी का एक महत्वपूर्ण पहलू इलेक्ट्रिसिटी प्रॉडक्शन है। आज भारत चिप से लेकर शिप तक, AI, डेटा सेंटर्स से लेकर क्वांटम कंप्यूटिंग तक, नई टेक्नोलॉजी में नेतृत्व का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। इसके लिए देश में पर्याप्त बिजली रहे, इस दिशा में भी लगातार काम हो रहा है। आज भारत की रिन्यूएबल एनर्जी कपैसिटी 300 गीगावॉट से अधिक हो चुकी है। क्लीन एनर्जी हासिल करने के लिए भारत अपने न्यूक्लियर प्लांट्स की संख्या भी बढ़ा रहा है।
साथियों,
केंद्र सरकार की योजनाओं की वजह से, आज भारत के नागरिक, बिजली के कंज्यूमर होने के साथ ही बिजली के प्रोड्यूसर भी बन रहे हैं। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत, देश के 60 लाख से अधिक परिवारों ने छतों पर सोलर प्लांट लगाए हैं। इनमें कर्नाटक के भी 40 हजार से ज्यादा परिवार शामिल हैं। हर परिवार को केंद्र सरकार की तरफ से लगभग 80 हजार रुपये की मदद दी गई है। हरेक परिवार को। इसी तरह, पीएम कुसुम योजना के तहत, कर्नाटक में किसानों को 8 लाख से अधिक सोलर पंप द्वारा सिंचाई की व्यवस्था की जा रही है। यानी कर्नाटक के अन्नदाता भी अब ऊर्जादाता बन रहे हैं। इन योजनाओं से बिजली का खर्च घट रहा है, साथ ही कमाई और रोजगार के नए अवसर भी बन रहे हैं।
साथियों,
जब देश एक मिशन के साथ आगे बढ़ता है, जब हर देशवासी विकास से जुड़ता है, जब टैक्सपेयर से मिली पूंजी सही तरीके से विकास में लगती है, तो उसके परिणाम भी सुखद और सार्थक होते हैं। 2014 में हमने सबका साथ-सबका विकास को अपना संकल्प बनाकर काम शुरू किया था। आज इन्हीं प्रयासों से देश में, मिडिल क्लास का विस्तार हो रहा है, देश में एक नया Aspirational Class तैयार हो रहा है, ये ऐसा वर्ग है, जिसकी आकांक्षाएं बढ़ रही हैं, वो अपने घर में Refrigerator, Washing Machine चाहता है, वो अपने परिवार के लिए स्कूटर-बाइक चाहता है, बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं देना चाहता है। वो टूरिज्म पर खर्च करना चाहता है, नए अनुभव लेना चाहता है। यही बढ़ती Aspirations देश में नई डिमांड पैदा कर रही हैं। ऑटोमोबाइल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक, टूरिज्म से लेकर सर्विस सेक्टर तक, नए उद्योगों, फैक्ट्रियों और रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। यानी, ये नियो मिडिल क्लास भारत की अर्थव्यवस्था की ग्रोथ का बड़ा इंजन बन रहा है। कर्नाटक में, बेंगलुरू में भी बड़ी संख्या में मौजूद इस नियो मीडिल क्लास का हित केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में है।
साथियों,
केंद्र सरकार मिडिल क्लास की बचत बढ़ाने और उसके हाथ में ज्यादा पैसा देने के लिए लगातार काम कर रही है। हमने 12 लाख रुपये तक की सालाना इनकम को इनकम टैक्स से मुक्त कर दिया है। TDS के नियमों में बदलाव करके सीनियर सिटीजन्स और रेंटल इनकम वालों को राहत दी। नेक्स्ट जनरेशन GST रिफॉर्म के जरिए रोजमर्रा के सामान को सस्ता किया। पर्सनल हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पर GST खत्म करके इंश्योरेंस को ज्यादा अफोर्डेबल बनाया।
साथियों,
हमारा प्रयास है कि मिडिल क्लास की सेविंग्स बढ़ें, उसकी परचेजिंग पावर मजबूत हो और वह अपने परिवार के सपने पूरे करने के साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी भागीदार बने। आज कर्नाटक में हो रहा ये आयोजन भी इसी विकास यात्रा को नई गति देने वाला है। आप सभी को नए प्रोजेक्ट्स की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। आप सबका बहुत-बहुत धन्यवाद!
A major boost to Karnataka's growth! Projects worth over ₹15,000 crore are being launched today to strengthen connectivity and energy security. https://t.co/jfMwD06wCK
— Narendra Modi (@narendramodi) November 13, 2026
किसी भी देश की विकास यात्रा में infrastructure की बहुत बड़ी भूमिका होती है। बेहतर connectivity तरक्की, रोजगार और उद्योग सबकी नई संभावनाएं बनाती है। और जब विकास के ये अवसर समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई भी मजबूत होती है। इसी का परिणाम है कि बीते वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ नागरिक भीषण गरीबी से बाहर आए हैं: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) November 13, 2026
दिल्ली-NCR और मुंबई-मेट्रोपॉलिटन रीजन के बाद बेंगलुरू, देश का तीसरा शहर बना है जहां मेट्रो नेटवर्क की सेंचुरी लगी है। नम्मा मेट्रो की ये सफलता केवल एक प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं है। ये Ease of Living को लेकर, Ease of Travel को लेकर देश की नई सोच का परिणाम है: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) November 13, 2026
कुछ दिन पहले कर्नाटका को राज्य की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली थी और आज कर्नाटका को गोवा से जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन मिली है: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) November 13, 2026
आज भारत chip से लेकर ship तक, AI, data centres से लेकर quantum computing तक... नई technology में नेतृत्व का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) November 13, 2026