प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमण्डल ने 16वें वित्त आयोग चक्र के दौरान वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक केंद्रीय क्षेत्र की योजना “डाक परिचालन” को 1,141 करोड़ रुपये के प्रस्तावित परिव्यय के साथ जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य डाक अवसंरचना को मजबूत करना, परिचालन दक्षता में सुधार करना और देशभर में रसद, ई-कॉमर्स तथा डिजिटल सेवा प्रदायगी की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता करना है।
दुनिया के सबसे बड़े डाक नेटवर्क में से एक, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के 1,49,655 डाकघरों सहित कुल 1.65 लाख डाकघर शामिल हैं, के साथ इंडिया पोस्ट डाक, पार्सल, बैंकिंग, बीमा और अन्य नागरिक-केंद्रित सेवाओं की प्रदायगी के लिए एक महत्त्वपूर्ण माध्यम के रूप में निरंतर सेवाएं प्रदान कर रहा है, विशेष रूप से दूरदराज़ के और वंचित क्षेत्रों में।
अपने मुख्य डाक परिचालन के अतिरिक्त, इंडिया पोस्ट डाकघर बचत बैंक (पीओएसबी), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी), डाक जीवन बीमा (पीएलआई), आधार नामांकन और अद्यतन, डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों के माध्यम से पासपोर्ट सेवाएं, केवाईसी सत्यापन सेवाएं और डाकघर निर्यात केंद्रों (डीएनके) के माध्यम से ग्रामीण कारीगरों को सहायता जैसी पहलों के जरिए व्यापक सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करता है।
यह योजना डाक अवसंरचना के आधुनिकीकरण, अंतिम छोर तक डिलीवरी को मजबूत करने, रसद दक्षता में सुधार करने, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और देशभर में ग्राहक-केंद्रित सेवा प्रदायगी को बेहतर बनाने में सहायता करेगी। यह प्रस्ताव डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के व्यापक उद्देश्यों के अनुरूप भी है।
इस योजना को वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2030-31 तक पांच वर्षों की अवधि के दौरान कार्यान्वित किया जाना प्रस्तावित है।
डाक परिचालन योजना में निम्नलिखित छह उप-योजनाएं शामिल हैं:
*****
पीके/केसी/आरटी/पीके